Highlight Lines
🔴 गुमशुदा 14 वर्षीय बालिका को पुलिस ने सकुशल किया दस्तयाब
🔴 झारसुगुड़ा से आरोपी साहिल एक्का गिरफ्तार
🔴 अपहरण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में भेजा गया जेल
🔴 अभियान ‘संवेदना’ के तहत चक्रधरनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रायगढ़।
रायगढ़ पुलिस के ‘अभियान संवेदना’ के तहत चक्रधरनगर थाना पुलिस ने गुमशुदा 14 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं, बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले आरोपी साहिल एक्का को ओडिशा के झारसुगुड़ा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दवा लेने निकली थी, फिर नहीं लौटी
पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को बालिका की मां ने चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी 14 वर्षीय पुत्री 30 मई की दोपहर दवा लेने मेडिकल स्टोर जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
विवेचना के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर लगातार तलाश जारी रखी। 11 जून को पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर, जूटमिल क्षेत्र से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज कराया गया तथा बाल कल्याण समिति (CWC) के माध्यम से काउंसलिंग भी कराई गई।
झारसुगुड़ा से आरोपी गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि आरोपी साहिल एक्का (23) बालिका को अभिभावकों की जानकारी और सहमति के बिना अपने साथ रखे हुए था। मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 18 भी जोड़ी गई। हालांकि, बालिका ने दुष्कर्म की घटना से इनकार किया।
पुलिस को आरोपी के झारसुगुड़ा (ओडिशा) में होने की सूचना मिली। इसके बाद 30 जुलाई को चक्रधरनगर पुलिस की टीम झारसुगुड़ा पहुंची और रेलवे स्टेशन के आसपास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक दिनेश मिंज, प्रधान आरक्षक संजय तिवारी और आरक्षक दिलीप भानू की विशेष भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ‘अभियान संवेदना’ के तहत गुमशुदा बच्चों की सुरक्षित बरामदगी और उनके विरुद्ध अपराध करने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
