Highlight Lines
🔴 सतगुरु डेयरी से 7 किलो प्रतिबंधित ऐनालॉग पनीर जब्त
🔴 लाइसेंस निलंबित, डेयरी संचालक को जारी किया गया नोटिस
🔴 सतीश मशरूम डेयरी में 8 किलो एक्सपायरी खोवा नष्ट
🔴 कई डेयरियों का निरीक्षण, अभियान रहेगा लगातार जारी
रायगढ़। उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने रायगढ़ जिले की डेयरियों पर बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान दो प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्रतिबंधित एवं एक्सपायरी डेयरी उत्पाद जब्त कर नष्ट किए गए तथा संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सतगुरु डेयरी में मिला प्रतिबंधित ऐनालॉग पनीर
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सतगुरु डेयरी में छापेमारी के दौरान 7 किलो प्रतिबंधित ऐनालॉग पनीर बरामद किया। अधिकारियों ने जांच के लिए पनीर का नमूना लिया, जबकि शेष पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया। अनियमितता पाए जाने पर डेयरी का लाइसेंस निलंबित कर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
सतीश मशरूम डेयरी में मिला एक्सपायरी खोवा
कार्रवाई के दौरान सतीश मशरूम डेयरी में ओडिशा से आया 8 किलो एक्सपायरी खोवा भी बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा टीम ने खराब खोवे को मौके पर ही नष्ट कराया और प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया।
कई अन्य डेयरियों का भी हुआ निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कस्तूरी डेयरी, सुरभि डेयरी, मुन्ना डेयरी सहित कोड़ातराई और पटेलपाली क्षेत्र के कई डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की। अधिकारियों ने सभी संचालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
अभियान रहेगा जारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में मिलावटी, प्रतिबंधित और अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
