Highlight Lines
🔴 सारंगढ़ के किसान कुलदीप पटेल को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान
🔴 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित
🔴 राष्ट्रपति भवन के ‘At Home’ समारोह के लिए मिला विशेष निमंत्रण
🔴 मिलेट्स उत्पादन और ‘किसान से उपभोक्ता’ मॉडल के लिए मिली पहचान
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के लिए गर्व की बात है कि विकासखंड सारंगढ़ के ग्राम परसाडीह निवासी प्रगतिशील किसान कुलदीप पटेल को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। श्रीअन्न (मिलेट्स) के उत्पादन, वैज्ञानिक प्रसंस्करण और किसानों से सीधे खरीद कर उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण उत्पाद पहुंचाने के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जा रहा है।

राष्ट्रपति भवन के ‘At Home’ समारोह का मिला निमंत्रण
राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘At Home’ स्वागत समारोह में शामिल होने के लिए कुलदीप पटेल को राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ है। इस समारोह में कृषि, विज्ञान, शिक्षा, उद्योग, नवाचार, सामाजिक विकास, संस्कृति और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चुनिंदा लोगों को आमंत्रित किया जाता है।
‘फसल बाजार’ और ‘गवई’ ब्रांड से बनाई अलग पहचान
कुलदीप पटेल ने वर्ष 2018 में ‘फसल बाजार’ की स्थापना कर किसानों को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए ‘किसान से उपभोक्ता’ मॉडल को सफल बनाया। उन्होंने ‘गवई’ ब्रांड के माध्यम से रागी, कोदो, कुटकी सहित विभिन्न मिलेट्स उत्पादों को नई पहचान दिलाई।
स्थानीय किसानों से सीधे मिलेट्स की खरीद, वैज्ञानिक प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और बेहतर विपणन व्यवस्था के जरिए उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके प्रयासों से जिले में श्रीअन्न की खेती को नई दिशा मिली है।
कलेक्टर ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर कुलदीप पटेल ने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से मुलाकात कर राष्ट्रपति भवन से प्राप्त आमंत्रण पत्र साझा किया। कलेक्टर ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल कुलदीप पटेल का नहीं, बल्कि पूरे सारंगढ़-बिलाईगढ़ और छत्तीसगढ़ के किसानों के परिश्रम और नवाचार का राष्ट्रीय सम्मान है।
किसानों के लिए बने प्रेरणा
जिला प्रशासन, कृषि विभाग के उप संचालक आशुतोष श्रीवास्तव, जनप्रतिनिधियों और जिले के किसानों ने भी कुलदीप पटेल को बधाई देते हुए इसे जिले के कृषि क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताया। उनका मानना है कि यह सम्मान प्रदेश के किसानों और युवाओं को कृषि आधारित उद्यमिता तथा मिलेट्स उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।
