Highlight Lines
🔴 भूपदेवपुर थाना का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया
🔴 विद्यार्थियों को BNS, BNSS और BSA की दी जानकारी
🔴 गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध और यातायात नियमों पर जागरूक किया
🔴 ‘हैलो सिस्टर’ और साइबर हेल्पलाइन 1930 की दी जानकारी
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान के तहत थाना भूपदेवपुर में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से पुलिस के प्रति झिझक और भय दूर करना तथा उन्हें कानून, पुलिस व्यवस्था और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना था।

नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी
थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना, गिरफ्तारी, साक्ष्य संकलन और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की पूरी कार्यप्रणाली समझाई।
थाना परिसर का कराया भ्रमण
विद्यार्थियों को थाना के विभिन्न अनुभागों का भ्रमण कराया गया, जिसमें लॉकअप, मालखाना, वायरलेस कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, आगंतुक कक्ष, पुलिस रैंक व्यवस्था, हथियारों और पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया। इस दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल तरीके से उत्तर दिया।
साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा पर विशेष मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियम, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, बाल विवाह और नशे से दूर रहने जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही साइबर अपराध की स्थिति में 24 घंटे के भीतर 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए रायगढ़ पुलिस की ‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी भी दी गई।
पुलिस के प्रति बढ़ा विद्यार्थियों का विश्वास
निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों से अनुशासन, शिक्षा और अच्छे संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय पुलिस, माता-पिता और शिक्षकों से साझा करना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस शैक्षणिक भ्रमण से पुलिस के प्रति उनका विश्वास और आत्मीयता बढ़ी है तथा भविष्य में वे बिना किसी झिझक के पुलिस से संपर्क कर सकेंगे।
