महिला संबंधी अपराध पर रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रायगढ़, 13 अगस्त। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला संबंधी अपराध में चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। राह चलती महिला से छेड़खानी और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों को जेल दाखिल कराया गया है।
महिला से रास्ते में की छेड़खानी
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़िता 12 अगस्त 2026 को अपने पति के साथ थाना चक्रधरनगर पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि 2 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति को भोजन देने जा रही थी। उसके साथ बच्चे भी थे।
इसी दौरान ग्राम एकताल निवासी उमेश और अभिषेक पीछे से आए और कथित रूप से उसके साथ छेड़खानी करने लगे। विरोध करने और किसी को घटना बताने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
इसी बीच पीड़िता का परिचित मोटरसाइकिल से वहां पहुंच गया, जिसे देखकर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने घटना की जानकारी पति और गांव के प्रमुख लोगों को दी। उनकी सलाह के बाद उसने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 304/2026 के तहत धारा 74 और 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
🔴 घर पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षु उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे को पीड़िता से पूछताछ कर एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के घर पर दबिश दी, जहां वे मौजूद मिले। दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
जेल वारंट जारी, दोनों आरोपी जेल भेजे गए
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उमेश प्रधान (26 वर्ष), निवासी ग्राम एकताल स्कूलपारा और अभिषेक गोधिया (24 वर्ष), निवासी ग्राम एकताल बस्ती मंडलापारा, थाना चक्रधरनगर के रूप में हुई है।
न्यायालय से दोनों के खिलाफ जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल दाखिल करा दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु महिला उप निरीक्षक मनीषा ध्रुवे तथा आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, जितेन्द्र कुर्रे और मिनकेतन पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
