सेंट जॉन्स स्कूल में पुलिस का वृहद जागरूकता कार्यक्रम, बच्चों को अनजान लिंक और ऑनलाइन ठगी से बचने की दी सीख

“जागरूकता की एक सेल्फी” के जरिए विद्यार्थियों को बनाया गया Cyber Awareness Ambassador
रायगढ़, 19 अगस्त 2026। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत खरसिया पुलिस ने सेंट जॉन्स स्कूल में वृहद साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में रिकॉर्ड 2100 विद्यार्थियों और शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
प्रदेशभर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया और जनभागीदारी के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में रायगढ़ पुलिस लगातार स्कूल, कॉलेज और विभिन्न संस्थानों में पहुंचकर साइबर सुरक्षा का संदेश दे रही है।
एसडीओपी ने बताया साइबर सुरक्षा का महत्व
कार्यक्रम में एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ऑनलाइन ऑफर पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में अपने माता-पिता या शिक्षकों से सलाह लेना जरूरी है।
एसडीओपी ने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की।
2100 बच्चों के बीच निरीक्षक त्रिपाठी ने दिया Cyber Safety का संदेश
सेंट जॉन्स स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते स्वरूप और उनसे बचने के आसान उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी बच्चों और युवाओं को भी निशाना बना रहे हैं। ऑनलाइन गेमिंग, अनजान लिंक, फर्जी ऑफर, सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों से बातचीत और लालच देने वाले मैसेज के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा सकता है।
निरीक्षक त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले रुकें, सोचें और माता-पिता या शिक्षकों से सलाह जरूर लें।
Online Gaming को लेकर भी किया सावधान
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग के दौरान होने वाले मानसिक दबाव और लत को लेकर भी सावधान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर दुनिया में छोटी सी लापरवाही भी बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है।
बच्चों को सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने और अज्ञात लोगों से बातचीत करते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
“जागरूकता की एक सेल्फी” से बने Cyber Awareness Ambassador
कार्यक्रम की अभिनव पहल “जागरूकता की एक सेल्फी” के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई। निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने बच्चों को अपने परिवार के सदस्यों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को अपने अभिभावकों के साथ “जागरूकता की एक सेल्फी” लेकर साइबर सुरक्षा का संदेश सोशल मीडिया के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस ने कहा कि एक जागरूक बच्चा पूरे परिवार को साइबर अपराध से सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
रोजाना हजारों बच्चों तक पहुंचाने का लक्ष्य
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर रायगढ़ पुलिस जिले में प्रतिदिन एक हजार से अधिक बच्चों तक साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है।
इसी क्रम में खरसिया पुलिस द्वारा एक ही कार्यक्रम में 2100 विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक कर अभियान को नई गति दी गई। पुलिस का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से उनके अभिभावकों और परिवार के अन्य सदस्यों तक भी साइबर सुरक्षा की जानकारी पहुंचाना है।
कार्यक्रम में एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव सहित चौकी और थाना खरसिया का स्टाफ मौजूद रहा।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘पावस प्रसंग’ में बिखरी शास्त्रीय कला की छटा, कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
- ऑपरेशन आघात में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.108 किलो गांजा के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार
- शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग, बिहार से पकड़ा गया आरोपी
- खरसिया में साइबर जागरूकता अभियान तेज, 1400 से अधिक विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
- तमनार में दो चोरियों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए
