48 घंटे में 7 आरोपी गिरफ्तार, रेलवे स्टेशन से 15.1632 किलो और लैलूंगा से 3 किलो गांजा बरामद

रायगढ़, 20 अगस्त 2026। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत पिछले 48 घंटे में बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 18.1632 किलोग्राम गांजा, नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बरामद कर 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार रायगढ़ रेलवे स्टेशन के पास कोतवाली पुलिस, साइबर सेल और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने 15.1632 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा। वहीं नशीले इंजेक्शन और टैबलेट के साथ एक युवक गिरफ्तार हुआ। इसके अलावा लैलूंगा पुलिस ने 3 किलो गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
रेलवे स्टेशन से 15.1632 किलो गांजा जब्त
18 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि रायगढ़ रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के सामने तीन व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस, साइबर टीम और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान त्रिनाथ मलिक (27), ओमप्रकाश राउत (20) और सत्यव्रत मोहन्ती (25) के रूप में हुई। तीनों ओडिशा के पुरी जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के बैग से 15.1632 किलो गांजा, करीब 1.50 लाख रुपये कीमत का, और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
नशीले इंजेक्शन और टैबलेट के साथ 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार
इसी दिन रेलवे स्टेशन के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास नशीले इंजेक्शन और टैबलेट बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक युवक को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
आरोपी की पहचान दीपक डोंगरे (22), निवासी बापूनगर रायगढ़ के रूप में हुई। तलाशी में उसके कब्जे से 18 नग Pentazocine Injection, 17 नग Nitrazepam Tablets, एक इस्तेमाल किया हुआ निडिल-सिरिंज और 200 रुपये बिक्री रकम बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार बरामद नशीले पदार्थों की कीमत करीब 1,032.96 रुपये है। आरोपी के पास इनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 444/2026 के तहत धारा 21, 22 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई है।
लैलूंगा में 3 किलो गांजा के साथ तीन आरोपी पकड़े गए
19 अगस्त को लैलूंगा पुलिस को ग्राम पाकरगांव मुख्य मार्ग के पास तीन लोगों द्वारा गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
पुलिस ने बोधराम यादव (44), दिलाराम चौहान (55) और सनत साय चौहान (50) को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से लाकर बिक्री के लिए रखने की बात बताई। तीनों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान
रायगढ़ पुलिस के अनुसार “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में गांजा और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई है। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- दल्लीराजहरा के गार्डन में भीषण आग, सौंदर्यीकरण के लिए लगाए गए सजावटी पुतले जलकर खाक
- भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से कथित धोखाधड़ी मामले में रायपुर के कारोबारी की गिरफ्तारी टली, पुलिस पहुंचने से पहले फरार
- रायगढ़ पुलिस की दो जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश, 29 जुआरी गिरफ्तार; 9 लाख रुपये से अधिक नकद जब्त
- नक्सलमुक्त बस्तर के कई गांवों में पहली बार मनेगी दिवाली, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने दी शुभकामनाएं
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्रा दिव्या पुरी को लिखा पत्र, पढ़ाई और आत्मनिर्भरता के लिए किया प्रोत्साहित
