पिकअप वाहन रोककर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, 7 महीने से फरार चल रहे तारिख अनवर उर्फ मोनू खान को पुलिस ने पकड़ा

रायगढ़, 6 सितंबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में जिले में फरार आरोपियों, लंबित आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पिकअप वाहन रोककर मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को 32 वर्षीय युवक ने थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 14 फरवरी की रात करीब 8:30 से 9 बजे वह अपने पिकअप वाहन से घरघोड़ा से जामपाली की ओर मजदूरों को छोड़ने जा रहा था।
कंचनपुर के पास पीछे से आ रही कार का चालक लगातार हॉर्न बजा रहा था। सड़क संकरी होने के कारण तत्काल रास्ता नहीं मिलने पर आरोपी ने अपनी कार पिकअप वाहन के सामने खड़ी कर उसे रोक दिया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी को वाहन से नीचे खींच लिया और जातिसूचक एवं अश्लील गाली-गलौज करते हुए लात-मुक्के और थप्पड़ से मारपीट की। विरोध करने पर दोबारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया।
SC/ST एक्ट की धारा भी जोड़ी गई
प्रार्थी की शिकायत पर थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 49/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(3) और 115(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान आहत द्वारा जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया। पुलिस जांच में जातिसूचक गाली-गलौज, मारपीट और धमकी से संबंधित तथ्य पाए जाने के बाद मामले में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(द)(ध) का विस्तार किया गया।
लगातार की जा रही थी आरोपी की तलाश
मामले की विवेचना एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी द्वारा की जा रही थी। उनके निर्देशन में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की लगातार पतासाजी और निगरानी कर रही थी।
इसी दौरान 4 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी तारिख अनवर उर्फ मोनू खान, पिता मोहम्मद कासिम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 02, साईं राम कॉलोनी, घरघोड़ा को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे अपराध और गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी देते हुए विधिवत गिरफ्तार किया। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायगढ़ पुलिस के अनुसार ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत फरार आरोपियों और वारंटियों की लगातार तलाश की जा रही है। गंभीर मामलों में फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




