बिलासपुर, 28 जून। छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल सिम्स में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शवगृह के पास मालवाहक वाहन से उतारते समय एक ऑक्सीजन सिलेंडर अचानक नीचे गिर गया। गिरते ही सिलेंडर से तेज दबाव के साथ ऑक्सीजन गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे परिसर में सनसनाहट की आवाज गूंजने लगी।

Highlight Lines
🔴सिम्स अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर लीक होने से मची अफरा-तफरी
🔴सिलेंडर फटने की अफवाह से अस्पताल में भगदड़ जैसे हालात
🔴15 मिनट तक दहशत में रहे मरीज और परिजन
🔴डॉ. लखन सिंह ने बताया— सिलेंडर फटा नहीं, केवल गैस लीक हुई
🔴प्रबंधन की तत्परता से टला बड़ा हादसा, कोई जनहानि नहीं
आवाज सुनते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों के परिजन, कर्मचारी और अन्य लोग घबरा गए। इसी दौरान किसी ने अफवाह फैला दी कि ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया है। अफवाह फैलते ही अस्पताल परिसर में भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर दौड़ने लगे। करीब 15 मिनट तक अस्पताल में दहशत का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के अधीक्षक डॉ. लखन सिंह डॉक्टरों और सुरक्षा कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को बताया कि सिलेंडर में विस्फोट नहीं हुआ है, बल्कि गिरने के कारण केवल गैस का रिसाव हुआ था।
अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा टीम की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही देर में स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई। अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि या कोई घायल होने की सूचना नहीं है।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना पुष्टि के अफवाहों पर विश्वास न करें, क्योंकि कई बार अफवाह वास्तविक घटना से ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है।
