today-gwalior-news-lochan-nagar-firing-murar-police
मुरार के लोचन नगर में घर के पास फायरिंग का आरोप; दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर आरोप, पुलिस जांच में जुटी

ग्वालियर। मुरार थाना क्षेत्र के लोचन नगर में एसएलपी कॉलेज के पास आधी रात गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। करीब 12 से 15 राउंड फायरिंग की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
5 हजार रुपये की उधारी को लेकर विवाद
पीड़ित जितेंद्र सिंह बैस के अनुसार, उन्होंने राहुल गुर्जर से अपने 5 हजार रुपये वापस मांगे थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और राहुल गुर्जर अपने हथियारबंद साथियों के साथ बिना नंबर की कार से जितेंद्र के घर के पास पहुंचा।
जितेंद्र का आरोप है कि कार सवार लोगों ने वहां पहुंचकर ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
मौके से कारतूस बरामद
सूचना मिलते ही मुरार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस और चले हुए राउंड बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया फायरिंग का आरोप
मामले में दूसरे पक्ष के पुष्पेंद्र गुर्जर ने भी जितेंद्र और उनके स्वजनों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस के अनुसार पुष्पेंद्र ने पहले खुद को गोली लगने की बात कही, जबकि बाद में उसने बताया कि गोली उसके कान के पास से होकर निकल गई।
पुलिस दोनों पक्षों के बयानों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर रही है।
राहुल गुर्जर पर पहले से मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार राहुल गुर्जर के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इस मामले में गोलीबारी किस पक्ष ने की और घटना की पूरी वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि गोलीबारी की घटना हुई है और दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस मामले की तस्दीक कर रही है।
