धरमजयगढ़ के बिहारी ढाबा संचालक ने मारपीट और अशोभनीय व्यवहार की शिकायत की; एक आरक्षक पुलिस लाइन अटैच

रायगढ़, 25 सितंबर। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के बिहारी ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता की शिकायत पर रायगढ़ पुलिस ने दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को निलंबित कर दिया है।
वहीं आरक्षक विजय राठिया को ढाबा संचालक के साथ प्रथम दृष्टया अशोभनीय आचरण का मामला सामने आने पर तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
ढाबा संचालक ने की थी शिकायत
पुलिस के अनुसार मोंटू गुप्ता ने 24 सितंबर को रायगढ़ एसपी कार्यालय पहुंचकर एसएसपी को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर की रात प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी और अन्य पुलिसकर्मी उसके ढाबे पर पहुंचे और वहां विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना।
प्रारंभिक जांच के बाद कार्रवाई
एसएसपी के अनुसार प्रारंभिक स्तर पर प्रधान आरक्षक के खिलाफ कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता प्रथम दृष्टया पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं आरक्षक विजय राठिया के मामले में ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण प्रथम दृष्टया परिलक्षित होने पर उसे पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
SDOP करेंगे विस्तृत जांच
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
