केला विहार के शिव मंदिर मार्ग पर वारदात, करीब 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र लेकर भागे आरोपी; CCTV फुटेज से पहचान की कोशिश
- 1. रायगढ़ में महिला के गले से मंगलसूत्र झपटा | बाइक सवार आरोपी फरार
- 2. केला विहार में चेन स्नेचिंग की वारदात | पुलिस ने शहर में कराई नाकेबंदी
- 3. CCTV में कैद हुए संदिग्ध | रायगढ़ पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

रायगढ़ शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम महिला से चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई है। केला विहार के शिव मंदिर मार्ग पर करीब 5:20 बजे बाइक सवार दो युवकों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और फरार हो गए।
पीछे से आए बाइक सवार
जानकारी के अनुसार छोटे अतरमुड़ा निवासी गीता पटेल अपनी परिचित महिला के साथ चन्द्रनगर कॉलोनी से पैदल चक्रधरनगर की ओर जा रही थीं।
इसी दौरान पीछे से काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से करीब 10 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र झपटा।
वारदात के बाद दोनों आरोपी तहसील कार्यालय रायगढ़ की ओर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, चक्रधरनगर थाना पुलिस और साइबर स्टाफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
संदिग्धों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार CCTV फुटेज में मिले संदिग्धों के फोटो विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा कर उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही मुखबिरों से भी आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम आरोपियों की पतासाजी में लगी हुई है।
पुलिस ने मांगी आमजन से मदद
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को संदिग्ध आरोपियों या घटना के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
थाना प्रभारी चक्रधरनगर: 9479193210
पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़: 9479193299
