शहीद नगर में 25 सितंबर की घटना का वीडियो सात दिन बाद सामने आया | पुलिस ने सामान्य मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया

भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र के शहीद नगर में एक कॉलेज छात्र के साथ डंडों से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने छात्र को घेरकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसके कंधे समेत शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर हो गए। घटना का वीडियो करीब एक सप्ताह बाद इंटरनेट मीडिया पर सामने आया है। मामले में पुलिस ने सामान्य मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है, जबकि घटना के करीब सात दिन बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
दोस्त से विवाद के बाद हुआ हमला
पीड़ित छात्र हमजा मंगलवारा क्षेत्र स्थित छावनी का रहने वाला है और कॉलेज में पढ़ाई करता है। उसकी शहीद नगर निवासी सिकंदर से दोस्ती थी। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था।
बताया गया कि 25 सितंबर को हमजा अपने एक दोस्त के साथ शहीद नगर पहुंचा था। इसी दौरान सिकंदर और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और डंडों से हमला कर दिया। हमजा के साथ आए उसके दोस्त के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है।
हमले में कई जगह फ्रैक्चर
मारपीट में हमजा गंभीर रूप से घायल हुआ। उसके कंधे समेत शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर बताए गए हैं। घटना के बाद पीड़ित का उपचार कराया गया।
सात दिन बाद सामने आया वीडियो
घटना का वीडियो शनिवार को इंटरनेट मीडिया पर सामने आया। वीडियो में कुछ युवक छात्र के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया।
परिजनों का आरोप है कि गंभीर चोटों के बावजूद पुलिस ने मामले में सामान्य मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। वहीं, घटना के करीब एक सप्ताह बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश जारी है।
