सोते समय अचानक घर में घुसा तेंदुआ, हमले में सभी आठ सदस्य घायल | बागबाहरा से जिला अस्पताल रेफर

सोते समय घर में घुसा तेंदुआ
महासमुंद जिले के कोमाखान तहसील के ग्राम झिटकी में रविवार देर रात तेंदुए ने घर में घुसकर सो रहे एक ही परिवार के आठ सदस्यों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। हमले में परिवार के सभी आठ लोग घायल हुए हैं।
घायलों में सरजू यादव (60), उनकी पत्नी उत्तरीबाई यादव (55), जनकराम (40), जनकराम के पुत्र मनीष (18), सुनीता यादव (34) और तुषार (15) समेत आठ लोग शामिल हैं। दो अन्य घायलों के नाम फिलहाल सामने नहीं आए हैं।
शोर सुनकर स्वजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बागबाहरा से महासमुंद रेफर
घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल महासमुंद रेफर कर दिया गया। बताया गया कि बागबाहरा अस्पताल में आवश्यक वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने के कारण घायलों को आगे के उपचार के लिए महासमुंद भेजा गया।
लगातार दूसरे दिन तेंदुए का हमला
झिटकी की घटना से एक दिन पहले पंडरीपानी गांव में भी तेंदुए द्वारा एक व्यक्ति पर हमला किए जाने की जानकारी सामने आई थी। लगातार दो दिनों में हमले की घटनाओं से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
वन विभाग की टीम ने शुरू की निगरानी
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी। लगातार तेंदुए की मौजूदगी और हमलों से ग्रामीण इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।
