रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से लिया पैसा, साइबर थाना पुलिस ने सक्ती से आरोपी महिला को पकड़ा; पति और सास की गिरफ्तारी बाकी
रकम दोगुनी करने का दिया था झांसा
रायगढ़, 6 अक्टूबर 2026। शेयर मार्केट में निवेश कर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने और रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीण महिलाओं से 70 लाख 77 हजार 901 रुपये की ठगी के मामले में रायगढ़ पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान मेनका सारथी (37) निवासी बरतुंगा, थाना डभरा, जिला सक्ती के रूप में हुई है। मामले की जांच में उसके पति अक्षय सारथी और मां मीरा सोनवानी की भूमिका भी सामने आई है। दोनों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
गांव की महिलाओं को निवेश के नाम पर जोड़ा
पुलिस के मुताबिक, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जतरी की महिलाओं ने शिकायत में बताया कि मेनका सारथी जब अपने मायके आती थी, तब वह महिलाओं को बताती थी कि वह और उसका पति शेयर मार्केट में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं।
आरोप है कि उसने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उसके बताए तरीके से शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर कम समय में रकम दोगुनी हो जाएगी। रकम दोगुनी नहीं होने पर उसने और उसके पति ने अपनी गारंटी पर पैसा वापस दिलाने का भरोसा भी दिया।
70.77 लाख रुपये लेने का आरोप
शिकायत के अनुसार, 6 अप्रैल 2025 से 24 अक्टूबर 2025 के बीच महिलाओं से नगद और ऑनलाइन माध्यम से रकम ली गई। हारा बाई निषाद से 17.53 लाख, अनिता निषाद से 17.24 लाख, पुष्पा सिदार से 9 लाख और विष्णु प्रिया निषाद से 7.50 लाख रुपये समेत कई महिलाओं से राशि ली गई।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग महिलाओं से प्राप्त रकम मिलाकर कुल 70,77,901 रुपये निवेश के नाम पर लिए गए।
शुरुआत में दिया मुनाफा, बाद में पैसा लौटाना बंद

पुलिस जांच के अनुसार शुरुआत में मेनका ने कुछ निवेशकों को मुनाफे की रकम दी, जिससे महिलाओं का भरोसा बढ़ा। बाद में न तो निवेश पर मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस की गई।
पीड़ित महिलाओं द्वारा पैसा वापस मांगने पर कथित तौर पर रकम लौटाने से इनकार किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कुछ महिलाओं ने बैंक से लोन लेकर आरोपी महिला को रकम दी थी और अब वे स्वयं उसकी किस्तें चुका रही हैं।
बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी
मामले में साइबर थाना पुलिस ने बैंक खातों, लेनदेन, पीड़ितों के बयान और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। जांच में आरोपी महिला के तीन अलग-अलग बैंक खातों में लाखों रुपये के लेनदेन का पता चला।
इसके बाद पुलिस टीम ने जिला सक्ती के ग्राम बरतुंगा में दबिश देकर मेनका सारथी को हिरासत में लिया और रायगढ़ लाया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन, तीन बैंक खाते और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं।
पति और मां की गिरफ्तारी बाकी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में मेनका ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से रकम लेने की योजना में अपने पति और मां को शामिल करने की बात बताई है। पुलिस का कहना है कि मामले में अक्षय सारथी और मीरा सोनवानी की गिरफ्तारी अभी शेष है।
पुलिस को अन्य लोगों की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले हैं और मामले की आगे जांच जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट में कम समय में रकम दोगुनी-तिगुनी करने या निश्चित मुनाफे की गारंटी देने वाले लोगों के झांसे में आकर पैसा न लगाएं। निवेश से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था की विश्वसनीयता और वैधता की जानकारी जरूर जांचें।
