सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम, 100 वृद्धजनों की निःशुल्क बीएमडी जांच और विशेषज्ञों ने बताए हड्डियों की देखभाल के तरीके
वृद्धजनों का सम्मान और स्वास्थ्य परीक्षण
रायगढ़: सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में 1 से 15 अक्टूबर तक अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय में वृद्धजनों के सम्मान और स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने वृद्धजनों का सम्मान करते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य और सुखद जीवन की कामना की। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
87 वृद्धजनों की हुई स्वास्थ्य जांच
कार्यक्रम में 87 वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। जरूरतमंद 15 वृद्धजनों को छड़ी और 6 को वॉकर वितरित किए गए।
इसके अलावा 60 वृद्धजनों को श्रीफल और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
100 वृद्धजनों की बीएमडी जांच

वृद्धजनों की हड्डियों की मजबूती की जांच के लिए निःशुल्क बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। करीब 100 वृद्धजनों ने इस सुविधा का लाभ लिया।
जांच के दौरान विशेषज्ञों ने बढ़ती उम्र में हड्डियों और जोड़ों की देखभाल, शारीरिक सक्रियता बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने कराए उपयोगी व्यायाम
अस्थिरोग विभागाध्यक्ष डॉ. राज कुमार गुप्ता ने हड्डियों और जोड़ों की देखभाल तथा उनसे जुड़ी समस्याओं से बचाव के उपाय बताए। फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सिद्धार्थ सिन्हा और डॉ. श्यामजीत किंडो ने वृद्धजनों को उपयोगी व्यायामों का प्रदर्शन कराया।
इनमें जोड़ों की गतिशीलता, सुरक्षित तरीके से चलने और उठने-बैठने से जुड़े व्यायाम शामिल रहे। विशेषज्ञों ने वृद्धजनों को अपनी शारीरिक क्षमता के अनुसार नियमित व्यायाम करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई। जरूरतमंद वृद्धजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
