जटगा के बरबसपुर में पुलिस की दबिश, 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी मिली; ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त
किराए के मकान से रेलवे पटरी बरामद
कटघोरा: छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन की पटरी चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के बाद अब जटगा चौकी क्षेत्र में एक किराए के मकान से भारी मात्रा में कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बरबसपुर में पुलिस ने दबिश देकर करीब 6.5 टन यानी 6,480 किलोग्राम वजन की 36 नग रेलवे पटरी बरामद की है। मौके से रेलवे पटरी काटने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
गैस कटर और सिलेंडर समेत वाहन जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 4 ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि बरबसपुर गांव में आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। जानकारी के मुताबिक, राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन के निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था।
पुलिस की दबिश से पहले आरोपी फरार
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही राजू कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही रेलवे पटरी चोरी के पूरे नेटवर्क तथा इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आ सकेगी।
रेलवे अधिकारियों को दी गई सूचना
जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव के अनुसार, मौके से रेलवे का माल बरामद हुआ है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रेलवे के संबंधित विभाग के अधिकारियों को भी इसकी सूचना दी गई है।
नई रेल लाइन का काम कर रही संबंधित कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा सके।
सीमावर्ती क्षेत्र में चोरी का माल खपाने की आशंका
इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे पटरी बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका है कि सीमावर्ती क्षेत्र में चोरी के माल को खपाने का काम किया जा सकता है। हालांकि, चोरी के माल के नेटवर्क और इसमें अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हो सकेगी।
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि बरबसपुर के किराए के मकान से 6,480 किलोग्राम वजनी 36 नग रेलवे पटरी बरामद की गई है। मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
