पूंजीपथरा पुलिस ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर पकड़ा 10 चक्का ट्रक, कबाड़ के वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर चालक के खिलाफ कार्रवाई
मुखबिर की सूचना पर पकड़ा गया ट्रक
रायगढ़, 8 अक्टूबर। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 10 चक्का ट्रक से करीब 23.880 टन स्क्रैप कबाड़ जब्त किया है। कबाड़ और परिवहन में इस्तेमाल ट्रक सहित जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अवैध कबाड़ के परिवहन पर नजर रख रही है। पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में कबाड़ लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने ले जाया जा रहा है।
रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी
सूचना के आधार पर पूंजीपथरा पुलिस ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को पकड़ा। जांच के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में स्क्रैप कबाड़ लोड मिला।
पुलिस ने चालक स्युवीर सिंह (51), निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर, ओडिशा से कबाड़ के संबंध में पूछताछ की। चालक ने बताया कि वह संबलपुर के ग्राम रैमण्ड से कबाड़ लेकर रायगढ़ इस्पात प्लांट जा रहा था।
दस्तावेज नहीं मिले, 9.57 लाख का कबाड़ जब्त

पुलिस के मुताबिक, चालक कबाड़ के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रक में लदे स्क्रैप का वजन कराया गया, जिसमें कुल 23 टन 880 किलोग्राम कबाड़ पाया गया।
जब्त स्क्रैप की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 57 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने कबाड़ के साथ परिवहन में इस्तेमाल ट्रक भी जब्त कर लिया। दोनों की कुल अनुमानित कीमत करीब 18 लाख रुपये है।
चालक के खिलाफ कार्रवाई
मामले में चालक स्युवीर सिंह के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 53/2026 के तहत धारा 35(क)(5) BNSS और 303(2) BNS में कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन, डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन और पूंजीपथरा थाना प्रभारी रामकिंकर यादव के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में प्रधान आरक्षक बिनित तिर्की, आरक्षक हेमसागर पटेल और आरक्षक आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
