गरबा की वेशभूषा में बनाई गई रील सोशल मीडिया पर वायरल | सिविल लाइन थाने में BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी

वायरल रील के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रास गरबा कार्यक्रम के दौरान बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में कुछ युवतियां गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीते और पिस्टलनुमा वस्तु लहराते नजर आ रही हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के लिए बनाया गया था। रील सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और जांच शुरू की गई।
BNS की धाराओं के तहत अपराध दर्ज
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। मामले में सिविल लाइन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ उनके खिलाफ अलग-अलग प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है। आरोपियों को पाबंद करने के लिए बाउंड ओवर की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी गई है।
धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर पुलिस की चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के आपत्तिजनक प्रदर्शन तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने के मामलों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर कोई भी सामग्री पोस्ट करने से पहले उसकी प्रकृति और संभावित प्रभाव पर ध्यान दें।
