अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रामगढ़ महोत्सव देखकर पैदल घर लौट रहे सात किशोर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। इस हादसे में 15 वर्षीय विकास अगरिया की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

Highlight Lines
🔴 रामगढ़ महोत्सव से लौट रहे 7 किशोर ट्रक की चपेट में
🔴 15 वर्षीय विकास अगरिया की इलाज के दौरान मौत
🔴 छह किशोर गंभीर घायल, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
🔴 हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार
🔴 CCTV और टोल फुटेज के आधार पर चालक की तलाश तेज
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के महंगई श्रीनगर गांव निवासी विकास अगरिया अपने छह साथियों और मामा के साथ मंगलवार को रामगढ़ महोत्सव देखने आया था। महोत्सव समाप्त होने के बाद सभी किशोर पैदल ही अपने गांव लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि रास्ते में तेज बारिश होने के कारण सभी कुछ देर के लिए रुक गए थे। बारिश थमने के बाद जैसे ही वे आगे बढ़े, उदयपुर थाना क्षेत्र के डुमरडीह गांव के पास अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी किशोर सड़क पर दूर जा गिरे। किसी के सिर में गंभीर चोट आई, किसी का जबड़ा टूट गया तो किसी का पैर फ्रैक्चर हो गया। घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत डायल-112 को सूचना दी।
पुलिस की मदद से सभी घायलों को पहले उदयपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 15 वर्षीय विकास अगरिया ने दम तोड़ दिया, जबकि बाकी छह किशोरों का इलाज जारी है।
बुधवार को पुलिस ने मृतक के पिता रिगु अगरिया का बयान दर्ज किया। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
उदयपुर थाना पुलिस ने फरार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
