23,001 मरीजों को मिला लाभ, लैब में 134 प्रकार की पैथोलॉजी जांच उपलब्ध; जल्द शुरू होगी माइक्रोबायोलॉजी जांच की सुविधा

सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से मरीजों को राहत मिल रही है। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में संचालित अटल आरोग्य लैब के माध्यम से पिछले चार माह में 23,001 मरीजों की कुल 86,975 पैथोलॉजी जांचें निःशुल्क की गई हैं। इससे मरीजों को निजी प्रयोगशालाओं में जांच कराने पर होने वाले खर्च से राहत मिल रही है।
134 प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शासकीय अस्पतालों में बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में अटल आरोग्य लैब संचालित की जा रही है।
वर्तमान में यहां 134 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं। आधुनिक मशीनों से सुसज्जित इस लैब का लाभ शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों से उपचार कराने आने वाले मरीज भी उठा रहे हैं। एक ही स्थान पर कई प्रकार की जांच उपलब्ध होने से मरीजों को निजी लैब या दूसरे शहरों में जाने की जरूरत कम हो रही है।
कलेक्टर के मार्गदर्शन में संचालित हो रही लैब
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के प्रयास कर रहा है।
जिला चिकित्सालय में सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल के नेतृत्व और आवासीय चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार रात्रे के पर्यवेक्षण में लैब का संचालन किया जा रहा है। पैथोलॉजिस्ट डॉ. रमेश साहू सहित चिकित्सा प्रयोगशाला तकनीशियनों और अन्य कर्मचारियों की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है।
जल्द शुरू होगी माइक्रोबायोलॉजी जांच
मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अटल आरोग्य लैब में जल्द ही माइक्रोबायोलॉजी यानी सूक्ष्मजीव विज्ञान जांच की सुविधा भी निःशुल्क शुरू करने की तैयारी है।
इस सुविधा से विभिन्न प्रकार के संक्रमणों की पहचान और संबंधित बीमारियों की जांच में मदद मिलेगी। इसके शुरू होने से मरीजों को कई जांचों के लिए बड़े शहरों या निजी प्रयोगशालाओं पर निर्भर रहने की जरूरत कम हो सकती है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
निजी लैब में होने वाले खर्च से राहत
सिविल सर्जन डॉ. दीपक जायसवाल ने बताया कि राज्य शासन की मंशा के अनुरूप जिला चिकित्सालय में आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आवश्यक जांच के लिए निजी प्रयोगशालाओं में पैसे खर्च करने से पहले जिला चिकित्सालय की अटल आरोग्य लैब में उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं की जानकारी लें और उनका लाभ उठाएं।
चार माह में हुई 86,975 जांचें इस सुविधा के व्यापक उपयोग को दर्शाती हैं। लैब के माध्यम से मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिल रही है और निजी जांच पर होने वाला खर्च बचाने में मदद मिल रही है।
