मानसिंह पैलेस में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ चुनाव, भारत वाधवाणी को मिले 72 मत; दो वोट निरस्त किए गए

आगरा: पूज्य सिंधी पंचायत, शास्त्रीपुरम के अध्यक्ष पद के लिए रविवार को मानसिंह पैलेस में चुनाव संपन्न हुआ। इसमें भजनलाल प्रधान ने 90 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी भारत वाधवाणी को 72 वोट मिले, जबकि सही मोहर नहीं लगने के कारण दो मत निरस्त कर दिए गए।
निगरानी में संपन्न हुई चुनाव प्रक्रिया
चुनाव प्रक्रिया सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी और उपाध्यक्ष जगदीश डोडानी की निगरानी में संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी तीर्थंदास वरलानी, एम.डी. चावला और नरेश बत्रा ने चुनाव कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निर्वाचन पदाधिकारी अशोक कुमार वासवानी, मधु जेठानी और सुषमा सिंह ने भी चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जिम्मेदारियां निभाईं। पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
समाज की एकजुटता और सामाजिक कार्यों पर रहेगा जोर
जीत के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष भजनलाल प्रधान ने समाज के लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
भजनलाल प्रधान ने सिंधी समाज को मजबूत बनाने, समाज के लोगों को एकजुट करने और सामाजिक कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
समाज के पदाधिकारियों ने दी बधाई
सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सोनी और शास्त्रीपुरम पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हर्ष असनानी ने भजनलाल प्रधान को जीत की बधाई दी। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने वाले अधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी सागर चावला, तरुण कुमार, मनोहरलाल बसंतानी, अशोक सोनी, राजकुमार, नानकचंद, हेमंत जेठानी, हर्षित कुमार, नरेंद्र झामनानी, मनीष हेमानी, मनीष गेहानी, नरेश बत्रा, मनीष असरानी और धर्मेंद्र रामत्री सहित समाज के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
