पूंजीपथरा पुलिस ने गुमला में दबिश देकर मो. फिरोज को पकड़ा, अप्रैल में पिकअप की ट्रेलर से टक्कर के बाद सामने आया था गौवंशों के साथ कथित क्रूरता का मामला

रायगढ़, 12 अक्टूबर 2026। रायगढ़ पुलिस ने गौवंश तस्करी और पशु क्रूरता के मामले में करीब छह महीने से फरार आरोपी को झारखंड से गिरफ्तार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने गुमला जिले में स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर मो. फिरोज (36) को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पिकअप की ट्रेलर से टक्कर के बाद सामने आया था मामला
पुलिस के मुताबिक, 10 अप्रैल 2026 को ग्राम गोदगोदा निवासी शिवचरण साहू ने पूंजीपथरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 9 अप्रैल की रात करीब 2 बजे पिकअप वाहन क्रमांक JH 02 BT 0299 में बड़ी संख्या में गौवंशों को कथित तौर पर ठूंसकर ले जाया जा रहा था।
सामारूमा बस्ती के आगे जंगल के पास पिकअप चालक ने तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए आगे चल रहे ट्रेलर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर एक गौवंश मृत और एक घायल मिला, जबकि तीन अन्य गौवंश सुरक्षित पाए गए। बाकी गौवंश जंगल की ओर चले गए थे।
शिकायत में गौवंशों को वध के लिए ले जाने और उनके चारे-पानी तथा उपचार की उचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया गया था। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया था।
वाहन मालिक से पूछताछ में सामने आया आरोपी का नाम
शिकायत के आधार पर पूंजीपथरा थाने में अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 6, 10 और 11 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने जब्त पिकअप के मालिक अर्जुन यादव से पूछताछ की। वाहन मालिक ने बताया कि उसने जनवरी 2025 में वाहन खरीदकर सब्जी परिवहन के काम में लगाया था। बाद में वाहन को गुमला निवासी मो. फिरोज को बेकरी परिवहन के लिए 30 हजार रुपये मासिक किराये पर देने की बात कही। इस संबंध में वाहन मालिक ने पुलिस को लीज इकरारनामा भी प्रस्तुत किया।
पुलिस ने मो. फिरोज से मोबाइल फोन पर संपर्क किया, लेकिन बातचीत के बाद उसका फोन बंद हो गया। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही।
गुमला में दबिश देकर पकड़ा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव आया हुआ है। इसके बाद उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में पुलिस टीम झारखंड के गुमला रवाना हुई। स्थानीय पुलिस के सहयोग से 12 अक्टूबर को आरोपी के निवास स्थान पर दबिश दी गई।
पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर भागने का प्रयास कर रहे मो. फिरोज को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मामले में संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने बताया कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कार्रवाई जारी
रायगढ़ पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत लंबे समय से फरार आरोपियों की तलाश कर उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, आरक्षक हेमसागर पटेल और आरक्षक आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि गौवंशों की तस्करी और पशुओं के साथ क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में फरार आरोपियों की तलाश कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जाएगा और दूसरे राज्य में छिपने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी।
