कटघोरा–हरदीबाजार–बलौदा–अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर समेत कई मार्गों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा, क्षतिग्रस्त सड़कों व पुल-पुलियों की मरम्मत को प्राथमिकता देने को कहा

कोरबा: लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने कोरबा जिले में निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण कर उनकी प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर सड़कों, पुल-पुलियों और भवन निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। सचिव ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने और उनकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक और निरीक्षण के दौरान कोरबा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत तथा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत पर जोर
सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को सड़कों पर बीटी पैच मरम्मत के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाए, ताकि आम लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो और उन्हें सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
उन्होंने निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण करने को भी कहा। सचिव ने निर्देश दिए कि किसी भी बाधा के कारण काम की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए। सभी कार्य निर्धारित अवधि में पूरे कराकर आम जनता को विकास कार्यों का लाभ जल्द उपलब्ध कराया जाए।
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने जिले में कटघोरा–हरदीबाजार–बलौदा–अकलतरा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हरदीबाजार–तरदा–सर्वमंगला–इमलीछापर मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने इन मार्गों पर चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने और नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
2.84 किलोमीटर लंबी सीमेंट-कांक्रीट सड़क का काम जल्द पूरा करने को कहा
सचिव बंसल ने ध्यानचंद चौक से बजरंग चौक तक निर्माणाधीन सीमेंट-कांक्रीट सड़क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने 2.84 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी को काम शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री आर.के. रात्रे, अधीक्षण अभियंता (विद्युत/यांत्रिकी) श्री सुरेश भूपल और कोरबा संभाग के कार्यपालन अभियंता श्री जी.आर. जांगड़े सहित विभागीय अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
