Highlight Lines
🔴 शिवनाथ नदी किनारे बोरी में मिला महिला का शव
🔴 दोनों हाथ और पैर धड़ से अलग मिले
🔴 हत्या कर शव के टुकड़े करने की आशंका
🔴 पुलिस पहचान और आरोपियों की तलाश में जुटी
बेमेतरा। जिले के चदनु थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुमा में शिवनाथ नदी किनारे 45 वर्षीय महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के दोनों हाथ और पैर धड़ से अलग थे तथा अवशेष बोरियों में बंधे हुए मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रथम दृष्टया निर्मम हत्या की आशंका जता रही है। आशंका है कि महिला की हत्या के बाद शव के टुकड़े कर नदी में फेंक दिया गया, जो बाढ़ के पानी के साथ बहकर किनारे पहुंच गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी द्वारका प्रसाद देशलहरे, एसडीओपी भूषण एक्का और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस मृतका की पहचान करने के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर रही है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिनाख्त और आरोपियों की तलाश जारी है तथा मामले का जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
