युवक अजय राजपूत पर चाकू से हमला कर किया था गंभीर रूप से घायल, घटना के बाद बिलासपुर से नागपुर भागे थे आरोपी; पुलिस ने एक को न्यायिक रिमांड पर भेजा

रायगढ़, 10 नवंबर 2026। खरसिया बस स्टैंड के पास युवक के साथ मारपीट और चाकूबाजी कर गंभीर रूप से घायल करने के मामले में खरसिया पुलिस ने फरार आरोपी फहीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। पुलिस को उसकी तलाश हत्या के प्रयास के मामले में थी। वहीं, प्रकरण में शामिल दूसरा आरोपी फैज खान अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
विवाद शांत कराने पहुंचे युवक पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, मामले में ममता ठाकुर पति कुन्दन सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 09 खरसिया, वर्तमान निवासी गुजरातीपारा, जयराम कॉलोनी, रेलवे अस्पताल के पीछे रायगढ़ ने 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे नया बस स्टैंड खरसिया के पास ईशान पेशवानी और फैज खान व फहीम अख्तर के बीच गाली-गलौज और विवाद हो रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर ईशान ने अपने परिचित अजय राजपूत (25 वर्ष) को फोन कर मौके पर बुलाया।
अजय वहां पहुंचकर विवाद शांत कराने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पूर्व रंजिश को लेकर फैज खान और फहीम अख्तर ने कथित रूप से उसे अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी।
भागने की कोशिश पर चाकू से किया वार
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, अजय अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगा तो दोनों आरोपियों ने उसका पीछा किया। फहीम अख्तर ने उसे पकड़ लिया और फैज खान ने अपने पास रखे धारदार चाकू से उस पर वार कर दिया। हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल अजय को ईशान पेशवानी उपचार के लिए शासकीय अस्पताल खरसिया लेकर पहुंचा। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ रेफर कर दिया।
बिलासपुर से नागपुर भागे थे आरोपी
ममता ठाकुर की लिखित शिकायत पर पुलिस चौकी खरसिया और थाना खरसिया में अपराध क्रमांक 569/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 109, 118(1) एवं 3(5) में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घटना के बाद से ही पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। इसी दौरान पुलिस को फहीम अख्तर के खरसिया में देखे जाने की सूचना मिली।
सूचना पर चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने फैज खान के साथ मिलकर अजय राजपूत से मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, दोनों घटना के बाद फरार होकर पहले बिलासपुर और फिर नागपुर चले गए थे। वहां से रायगढ़ लौटने के बाद फहीम खरसिया स्थित अपने घर जाने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
फहीम अख्तर न्यायिक रिमांड पर, फैज खान की तलाश जारी
खरसिया पुलिस ने आरोपी फहीम अख्तर पिता शकील अख्तर, उम्र 23 वर्ष, निवासी हनुमान चौक खरसिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले के दूसरे आरोपी फैज खान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार दबिश जारी है।
गिरफ्तारी में इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, प्रधान आरक्षक अनंत तिवारी, आरक्षक साविल चंद्रा और आरक्षक सिदार सिंह की अहम भूमिका रही।
