देश प्रहरी !! लगभग एक सप्ताह की देरी के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तरी छत्तीसगढ़ में दस्तक दे दी है। मानसून के प्रवेश के साथ ही अंबिकापुर समेत सरगुजा संभाग के कई इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया। मंगलवार दोपहर बाद शुरू हुई तेज बारिश और गरज-चमक का सिलसिला शाम तक जारी रहा, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

Highlight
🔴 उत्तरी छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री
🔴 अंबिकापुर समेत सरगुजा संभाग में झमाझम बारिश
🔴 गरज-चमक और तेज बारिश से गर्मी से मिली राहत
🔴 किसानों के लिए खुशखबरी, खरीफ सीजन को मिलेगी रफ्तार
🔴 कई जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार मानसून रेखा वर्तमान में रायपुर से झारखंड के डालटनगंज तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने आने वाले दिनों में मानसून के और अधिक सक्रिय होने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने सरगुजा, जशपुर, रायगढ़, कोरबा, कबीरधाम, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बेमेतरा और बीजापुर जिलों में बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है।

मानसून के आगमन से किसानों में उत्साह है। खरीफ सीजन की तैयारी कर चुके किसानों को अब धान की नर्सरी तैयार करने, खेतों की जुताई और बोआई कार्य में तेजी आने की उम्मीद है। वहीं बारिश शुरू होने से जलस्रोतों में भी पानी की आवक बढ़ने लगी है, जिससे कृषि कार्यों को गति मिलने की संभावना है।
