रायगढ़। रायगढ़ जिले की पूंजीपथरा पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी चोरी के इरादे से अपनी बाइक लेकर निकला था, लेकिन रास्ते में पेट्रोल खत्म होने पर उसने दूसरी बाइक चुरा ली। आखिरकार पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

Highlight Lines
🔴 पूंजीपथरा पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर वाहन चोर
🔴 चोरी की बाइक समेत दो पल्सर मोटरसाइकिलें जब्त
🔴 पेट्रोल खत्म होने पर दूसरी बाइक चुराकर हुआ फरार
🔴 संदिग्ध युवक से पूछताछ में खुला चोरी का राज
🔴 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
जानकारी के मुताबिक, पूंजीपथरा निवासी आशीष कुमार बान्डेकर ने 27 जून को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 जून की रात उन्होंने अपनी नई बजाज पल्सर 125 घर की परछी में खड़ी की थी, लेकिन सुबह उठने पर बाइक गायब मिली। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी बीच महुआ चौक, तुमीडीह के पास एक युवक संदिग्ध हालत में घूमता मिला। पूछताछ में वह अपना सही परिचय नहीं दे सका। थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम राम सिदार बताया और बाइक चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह चोरी करने के इरादे से अपनी पल्सर बाइक से पूंजीपथरा आया था। लेकिन रास्ते में उसकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। इसके बाद उसने अपनी बाइक को रायगढ़ आयरन प्लांट के पास झाड़ियों में छिपा दिया और पूंजीपथरा बस्ती पहुंचकर एक घर की परछी में खड़ी नई पल्सर बाइक चोरी कर अपने घर ले गया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गई पल्सर बाइक बरामद कर ली। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई आरोपी की बाइक भी झाड़ियों से जब्त कर ली। पुलिस ने करीब दो लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी राम सिदार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक कर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
