रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मानव तस्करी के मामले में पिछले चार वर्षों से फरार चल रहे आरोपी को जशपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर राजस्थान ले जाकर शादी के नाम पर बेचने की साजिश में शामिल होने का आरोप है।

Highlight Lines
🔴 4 साल से फरार मानव तस्करी का आरोपी गिरफ्तार
🔴 नाबालिग को 20 हजार रुपये में बेचने की साजिश का आरोप
🔴 जशपुर से धरमजयगढ़ पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा
🔴 ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत लगातार फरार अपराधियों पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय बालिका के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। जांच के दौरान बालिका को मध्यप्रदेश के अनुपपुर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने दो आरोपियों के साथ बरामद किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बालिका को राजस्थान ले जाकर 20 हजार रुपये में बेचने की साजिश रच रहे थे।
इस मामले में तीन आरोपियों को वर्ष 2022 में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी रामा चौहान लगातार फरार चल रहा था। फरार आरोपियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गृहग्राम जोराडोल (जशपुर) आया हुआ है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी रामा चौहान (35 वर्ष) निवासी ग्राम जोराडोल, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
