रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने “अभियान संवेदना” के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती से छेड़छाड़ करने और विरोध करने पर बीच-बचाव करने आए युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

🔴 Highlight Lines
🔴 युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर चाकू से हमला
🔴 धरमजयगढ़ पुलिस ने आरोपी को त्वरित कार्रवाई में किया गिरफ्तार
🔴 घटना में प्रयुक्त चाकू भी पुलिस ने किया बरामद
🔴 “अभियान संवेदना” के तहत महिला अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती पिछले छह माह से धरमजयगढ़ में किराये के मकान में रहकर मजदूरी कर रही थी। 30 जून की शाम निर्माण स्थल पर काम के दौरान आरोपी सागर सारथी उर्फ चेमे नितागी (23) वहां पहुंचा और युवती से मोबाइल नंबर मांगने लगा। मना करने पर उसने युवती के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
युवती की सहेली ने अपने जीजा को मौके पर बुलाया। उन्होंने आरोपी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी गुस्से में घर गया और चाकू लेकर लौट आया। इसके बाद उसने युवती के जीजा के पेट और छाती पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर धरमजयगढ़ पुलिस ने छेड़छाड़, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध और विरोध करने वालों पर हिंसा करने वाले आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
