Highlight Lines
🔴 राजापारा वार्ड में एक साथ दिखे दो तेंदुए
🔴 ढेकलावन में 17 दिन से पिंजरे से बच रहा तेंदुआ
🔴 कई ग्रामीणों पर कर चुका है हमला, गांव में दहशत
🔴 वन विभाग की टीम और ट्रैप कैमरों से निगरानी जारी
कांकेर। कांकेर तेंदुआ की दहशत लगातार बढ़ती जा रही है। जिले के गढ़िया पहाड़ से लगे राजापारा वार्ड में मंगलवार दोपहर एक साथ दो तेंदुए दिखाई दिए। दोनों तेंदुए चट्टानों पर बैठे आसपास का जायजा लेते नजर आए और कुछ देर बाद जंगल की ओर लौट गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

राजापारा वार्ड के लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी तेंदुए दिखाई देते रहे हैं, लेकिन पहली बार एक साथ दो तेंदुए नजर आने से लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग के अनुसार गढ़िया पहाड़ वन्यजीवों का प्राकृतिक कॉरिडोर है, जहां बारिश के मौसम में जंगली जानवर भोजन और पानी की तलाश में आबादी के करीब पहुंच जाते हैं।
उधर, नरहरपुर वन परिक्षेत्र के ढेकलावन गांव में पिछले 17 दिनों से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है। पिंजरे में रोज एक बकरे को जीवित चारे के रूप में बांधा जा रहा है, लेकिन तेंदुआ अब तक जाल में नहीं फंसा। ट्रैप कैमरों में उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं, लेकिन वह पिंजरे के भीतर नहीं गया।
ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुआ शाम होते ही गांव के आसपास पहुंच जाता है और अब तक कई लोगों पर हमला कर चुका है। इसके चलते लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं और बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेज रहे हैं।
वन विभाग ने पिंजरे के आसपास ट्रैप कैमरे लगाए हैं और 24 घंटे निगरानी की जा रही है। डीएफओ रौनक गोयल ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
