Highlight Lines
🔴 कृषि सेवा केंद्र बुलाकर दो मजदूरों से की गई मारपीट
🔴 निर्वस्त्र कर वीडियो बनाने और जातिसूचक गालियां देने का आरोप
🔴 तीन आरोपियों पर एससी-एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज
🔴 पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
जशपुर। जशपुर आदिवासी मजदूर मारपीट मामले में सन्ना थाना पुलिस ने कृषि सेवा केंद्र के संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दो आदिवासी मजदूरों को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया, निर्वस्त्र कर उनका वीडियो बनाया गया और जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया।

पीड़ित विल्सन तिर्की और आनंद कुजूर ने शिकायत में बताया कि 3 जुलाई की सुबह उन्हें राहुल कृषि केंद्र बुलाया गया। वहां एक्सपायरी मक्का और धान बेचने तथा चोरी का आरोप लगाकर पहले विवाद किया गया, फिर राहुल केसरी ने उन्हें कमरे में ले जाकर मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत के अनुसार बाद में प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी भी मौके पर पहुंचे। तीनों ने मिलकर दोनों मजदूरों को निर्वस्त्र किया, जातिसूचक गालियां दीं और लात-घूंसों से मारपीट की। पीड़ितों का आरोप है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया। इसके अलावा मोबाइल फोन और स्कूटी की चाबी छीनने का भी आरोप लगाया गया है। मारपीट में दोनों मजदूर घायल हुए हैं।
एडिशनल एसपी राकेश पाटनवार ने बताया कि पुलिस ने राहुल केसरी, प्रियांशु केसरी और प्रेमचंद केसरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
