Highlight Lines
🔴 मोपका स्कूल परिसर में जलभराव से बच्चों की बढ़ी परेशानी
🔴 जर्जर भवन की छत से टपक रहा पानी, पढ़ाई हो रही प्रभावित
🔴 बिलासपुर जिले के 300 स्कूल भवन खस्ताहाल स्थिति में
🔴 अभिभावकों ने नाली निर्माण और मरम्मत की उठाई मांग
बिलासपुर। बिलासपुर मोपका स्कूल में मानसून की बारिश के साथ ही अव्यवस्थाएं सामने आने लगी हैं। शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मोपका में पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से पूरा परिसर जलमग्न हो गया है। बच्चे और शिक्षक रोजाना गंदे पानी और कीचड़ से होकर स्कूल पहुंचने को मजबूर हैं।

बारिश के कारण स्कूल भवन भी जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। छत से लगातार पानी टपकने के चलते कक्षाओं में पढ़ाई प्रभावित हो रही है। कई बार बच्चों को सुरक्षित स्थान पर बैठाना पड़ता है, जिससे शिक्षण व्यवस्था बाधित हो रही है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले में कुल 300 स्कूल भवन जर्जर हालत में हैं। इनमें 257 प्राथमिक और 43 माध्यमिक स्कूल शामिल हैं। मरम्मत के लिए बजट स्वीकृत होने के बावजूद अधिकांश भवनों में अब तक काम शुरू नहीं हो पाया है।
मोपका स्कूल के मैदान में जलभराव के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। अभिभावकों ने स्कूल परिसर की ग्राउंड लेवलिंग, जल निकासी व्यवस्था और जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत की मांग की है, ताकि बच्चों की सुरक्षा और पढ़ाई दोनों प्रभावित न हों।
