Highlight Lines
🔴 शक्तिसैट मिशन की नेशनल फाइनलिस्ट बनीं रागनी साहू
🔴 छत्तीसगढ़ से चयनित होने वाली इकलौती छात्रा
🔴 108 देशों के विद्यार्थियों के साथ करेंगी चंद्र मिशन पर काम
🔴 इसरो वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष यात्रियों से मिलेगा मार्गदर्शन
महासमुंद। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी साहू ने महासमुंद और छत्तीसगढ़ का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। रागनी का चयन अंतरराष्ट्रीय चंद्र मिशन शक्तिसैट (ShaktiSat) के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में हुआ है। इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान बनाने वाली वह पूरे छत्तीसगढ़ की एकमात्र छात्रा हैं।

रागनी ने वर्ष 2025 में विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन में पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने लगभग 120 घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण, 21 तकनीकी मॉड्यूल और 550 से अधिक स्पेस एवं सैटेलाइट आधारित लेसन सफलतापूर्वक पूरे किए। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर के तकनीकी मूल्यांकन और साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने अंतिम सूची में जगह बनाई।
अब रागनी 22 से 31 अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। इस दौरान उन्हें इसरो के वैज्ञानिकों, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला तथा विभिन्न देशों के अंतरिक्ष विशेषज्ञों से सीधे सीखने और संवाद का अवसर मिलेगा।
इस मिशन में भारत सहित 108 देशों के छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। विद्यार्थियों द्वारा विकसित दो चंद्र उपग्रहों में एक चंद्रमा की कक्षा में स्थापित किया जाएगा, जबकि दूसरा चंद्र सतह पर वैज्ञानिक प्रयोग करेगा। प्रस्तावित प्रक्षेपण 11 अक्टूबर 2026 (अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस) को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया जाना निर्धारित है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्रबंधन तथा शिक्षकों ने रागनी साहू को बधाई देते हुए इसे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया।
