Highlight Lines
🔴 356 परिवारों तक पहुंचा घर-घर नल से शुद्ध पेयजल
🔴 ग्राम सभा ने गांव को किया ‘हर घर जल’ प्रमाणित
🔴 1.24 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनी जल योजना
🔴 महिलाओं का समय बचा, स्वच्छ पानी से बेहतर हुआ जीवन
महासमुंद। विकासखंड पिथौरा के ग्राम पंचायत ठाकुरदिया खुर्द में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। वर्षों तक पानी के लिए लंबी दूरी तय करने वाले ग्रामीणों को अब घर-घर नल से नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इसी उपलब्धि के चलते 24 अप्रैल 2026 को आयोजित ग्राम सभा में गांव को आधिकारिक रूप से ‘हर घर जल’ प्रमाणित किया गया।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत करीब 124.65 लाख रुपये की लागत से बनाई गई जल प्रदाय योजना के जरिए गांव के 356 परिवारों तक नल कनेक्शन पहुंचाया गया है। योजना के तहत उच्च स्तरीय जलागार, लगभग 5,940 मीटर लंबी पाइपलाइन, 15 पावर पंप और 4 हैंडपंप के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की गई है।
घरों के अलावा ग्राम पंचायत भवन, स्वास्थ्य केंद्र, तीन विद्यालय, दो आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक शौचालयों में भी नल जल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। इससे ग्रामीणों के साथ-साथ विद्यार्थियों, महिलाओं और बच्चों को भी स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है।
योजना के रखरखाव के लिए ग्राम सभा ने प्रत्येक परिवार से 60 रुपये प्रतिमाह जलकर लेने का निर्णय लिया है। इस राशि का उपयोग ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति द्वारा जलापूर्ति व्यवस्था के संचालन, रखरखाव और मरम्मत कार्यों में किया जा रहा है।
गांव की निवासी कुसुम साहू बताती हैं कि पहले पानी लाने में काफी समय और मेहनत लगती थी, लेकिन अब घर पर ही नियमित शुद्ध पानी मिलने से परिवार की सबसे बड़ी परेशानी दूर हो गई है। इससे समय की बचत हो रही है और बच्चों व परिवार की बेहतर देखभाल के लिए अधिक समय मिल रहा है। ग्रामीणों ने इस सुविधा के लिए शासन और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया
