गला दबाकर हत्या के बाद शव जलाया, हड्डियों को जमीन में दबाकर दर्ज कराई थी गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट; DNA जांच से हुई मृतिका की पहचान

रायगढ़, 26 अगस्त 2026। कापू पुलिस ने हत्या के एक पेचीदा मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति देवानंद सिदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी पत्नी चमेली सिदार की गला दबाकर हत्या करने के बाद शव को घर के आंगन में जला दिया और हड्डियों के अवशेष जमीन में दबा दिए। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के लापता होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस की जांच, पूछताछ और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा हुआ। घटनास्थल से बरामद जले हुए हड्डियों के अवशेष का डीएनए परीक्षण कराया गया, जिसमें उनकी पहचान 26 वर्षीय चमेली सिदार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से सामने आया हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक 28 अप्रैल 2026 को ग्राम कुमा निवासी देवानंद सिदार ने थाना कापू पहुंचकर अपनी पत्नी चमेली सिदार के 16 अप्रैल की रात करीब 8 बजे घर से बिना बताए चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तत्कालीन थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने गुम इंसान की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को देवानंद के बयानों और व्यवहार में विरोधाभास नजर आया। इसके बाद चमेली के परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ की गई। जांच आगे बढ़ने पर संदेह की दिशा देवानंद की ओर मजबूत होती गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि चमेली कहीं गुम नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या कर दी गई थी और आरोपी पति ने हत्या को गुमशुदगी का रूप देने का प्रयास किया था।
चार साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
चमेली के पिता बालसाय सिदार ने पुलिस को बताया कि चमेली उनकी सबसे छोटी बेटी थी। करीब चार वर्ष पहले प्रेम संबंध के चलते देवानंद उसे अपने साथ कुमा ले गया था और दोनों पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। दोनों की कोई संतान नहीं थी।
परिजनों के अनुसार 18 अप्रैल को देवानंद उनके घर मक्कापुर पहुंचा था और चमेली के वहां आने के बारे में जानकारी ली थी। परिवार ने जब बताया कि वह वहां नहीं आई है, तो वह वापस चला गया।
बाद में 28 अप्रैल को परिजनों को चमेली की हत्या और शव जलाए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद वे कुमा स्थित देवानंद के घर पहुंचे और उससे पूछताछ की।
सब्जी बनाने को लेकर हुआ विवाद, फिर कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 16 अप्रैल की रात भाजी की सब्जी बनाने की बात को लेकर उसका पत्नी चमेली से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर उसने चमेली का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव को घर के आंगन में जला दिया। इसके बाद हड्डियों के अवशेषों को जमीन में गड्ढा खोदकर पत्थर के नीचे दबा दिया। फिर पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से पत्नी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
डीएनए जांच से हुई मृतिका की पहचान
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मर्ग क्रमांक 45/2026 के तहत जांच शुरू की गई। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में तत्कालीन थाना प्रभारी कापू उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने शव उत्खनन की अनुमति लेकर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल से जले हुए हड्डियों के अवशेष बरामद किए।
डॉक्टर द्वारा संरक्षित हड्डी के नमूने का डीएनए परीक्षण कराया गया। डीएनए रिपोर्ट में हड्डियों के अवशेष चमेली सिदार के होने की पुष्टि हुई। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर 23 अगस्त 2026 को थाना कापू में अपराध क्रमांक 140/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238(ए) में मामला दर्ज किया गया।
तीन दिन गांव के बाहर कैंप कर पुलिस ने पकड़ा
अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया।
इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में लगातार तीन दिनों तक गांव के बाहर कैंप किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखा। लगातार प्रयास के बाद आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले के खुलासे में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की, चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी कैवर्त, आरक्षक विभूति सिंह, संजीव पटेल, विनय कुमार एक्का, दिलीप तिर्की और अमरदीप एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
ये भी पढ़े…..
- उरला में ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला की मौके पर मौत

- स्कूलों में पढ़ाई की निगरानी होगी सख्त, हर महीने होगी समीक्षा; 5 हजार शिक्षकों की भर्ती के निर्देश

- रायगढ़ में पत्नी की हत्या का खुलासा, आरोपी पति गिरफ्तार; शव जलाकर हड्डियां जमीन में दबाईं

- छत्तीसगढ़ में आज भी सक्रिय रहेगा मानसून, कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

- महासमुंद में कीटनाशक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण, 7 प्रतिष्ठानों को नोटिस

