Highlight Lines
🔴 जगदलपुर में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन
🔴 10 स्कूलों के 120 विद्यार्थियों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
🔴 वन मंत्री केदार कश्यप ने कला और रचनात्मकता का महत्व बताया
🔴 वरिष्ठ कार्टूनिस्टों ने लाइव डेमो देकर सिखाई तकनीकें
जगदलपुर।
बस्तर की सकारात्मक छवि, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को रचनात्मक कला के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को जगदलपुर के एक निजी होटल में ‘मुस्कुराता बस्तर’ कार्टून कार्यशाला का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ जनसंपर्क विभाग के सहयोग और कार्टून वॉच पत्रिका के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 10 विद्यालयों के 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

कला के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कला के माध्यम से अपनी भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करना एक विशेष प्रतिभा है। उन्होंने कहा कि कार्टून और कैरिकेचर केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और विकास के सकारात्मक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सशक्त विधा है।

वरिष्ठ कलाकारों ने दिया लाइव प्रशिक्षण
कार्यशाला में दिल्ली के वरिष्ठ कार्टूनिस्ट माधव जोशी और पुणे के प्रसिद्ध कैरिकेचर कलाकार शुभम जिंदे ने लाइव डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों को कार्टून और कैरिकेचर बनाने की तकनीकें सिखाईं। उन्होंने कला के सामाजिक महत्व, रचनात्मक संभावनाओं और इस क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी।
बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह, बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने भी कार्यशाला में पहुंचकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया और रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
