शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में हुआ मिनट-टू-मिनट अभ्यास, 11 प्लाटून ने किया मार्च पास्ट

रायगढ़, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम, रायगढ़ में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी की उपस्थिति में आयोजित रिहर्सल के दौरान 15 अगस्त को होने वाले मुख्य समारोह की सभी गतिविधियों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मिनट-टू-मिनट अभ्यास किया गया।

अंतिम रिहर्सल में सहायक कलेक्टर गोकुल आर.के. ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने निर्धारित समय पर ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इसके बाद 11 प्लाटून दलों ने अनुशासित मार्च पास्ट का अभ्यास किया।
पुलिस बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी हुआ अभ्यास
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस बैंड ने देशभक्ति एवं राष्ट्रधुन की प्रस्तुति दी। वहीं, विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रमों का अभ्यास किया।

ध्वजारोहण, परेड, सलामी, राष्ट्रगान, पुलिस बैंड की प्रस्तुति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित समारोह की प्रत्येक गतिविधि को निर्धारित क्रम और समय के अनुसार संपादित किया गया।
अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने समारोह स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और 15 अगस्त के मुख्य कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, सीएसपी मयंक मिश्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो, अपर कलेक्टर रवि राही सहित जिला स्तरीय अधिकारी, पुलिस बल और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे ध्वजारोहण
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। वे सुबह 9 बजे शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे।
इसके बाद परेड द्वारा सलामी, राष्ट्रगान और मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के संदेश का वाचन किया जाएगा। समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया जाएगा सम्मानित
मुख्य समारोह के अंत में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों सहित अन्य व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

1 thought on “रायगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल, 15 अगस्त को वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे ध्वजारोहण”