स्कूलों में पहुंचकर पुलिस ने समझाए ऑनलाइन ठगी से बचने के तरीके, OTP-पासवर्ड और निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील

रायगढ़, 22 अगस्त 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत खरसिया पुलिस लगातार स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है।
एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन और चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
900 विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी

अभियान के तहत विवेकानंद कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल में करीब 900 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्कूल स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।
वहीं शंकराचार्य स्कूल में करीब 500 विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा लाल बहादुर शास्त्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरसिया में भी पुलिस टीम ने छात्राओं के बीच पहुंचकर ऑनलाइन अपराधों से बचाव की जानकारी साझा की।
15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चल रहा अभियान
कार्यक्रम के दौरान एसडीओपी सतीश भार्गव ने विद्यार्थियों को बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता है। बच्चों और युवाओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी अनजान व्यक्ति, लिंक, मैसेज या ऑनलाइन गतिविधि पर बिना जांच किए भरोसा न करें।
OTP, पासवर्ड और निजी जानकारी साझा न करें
चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद करते हुए साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं को सरल तरीके से समझाया।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराध का खतरा केवल बड़ों तक सीमित नहीं है। बच्चे और युवा भी साइबर अपराधियों के निशाने पर आ सकते हैं।
मोबाइल और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय निजी जानकारी, फोटो, पासवर्ड और OTP किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करना चाहिए।
इसके अलावा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एप डाउनलोड करने, फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल से बातचीत करने और किसी लालच में आकर अपनी जानकारी देने से बचने की सलाह दी गई।
साइबर अपराध होने पर तुरंत दें जानकारी
निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को समझाया कि यदि उनके साथ या उनके किसी परिचित के साथ कोई संदिग्ध साइबर घटना होती है तो डरने या उसे छिपाने के बजाय तत्काल अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने से साइबर अपराध के मामले में कार्रवाई करना आसान हो सकता है।
QR कोड स्कैन कर अभियान से जुड़ने की अपील
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को “साइबर जागृति अभियान” के QR स्कैनर की जानकारी भी दी।
बताया गया कि QR कोड स्कैन कर अभियान से जुड़ा जा सकता है और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा की जा सकती है। इसका उद्देश्य केवल खुद साइबर जागरूक बनना नहीं, बल्कि परिवार, दोस्तों और आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे “जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें” के संदेश के साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं।
स्कूलों में लगातार जारी रहेगा जागरूकता अभियान
खरसिया पुलिस द्वारा स्कूलों में चलाए जा रहे इन कार्यक्रमों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी सीधे जुड़ रहे हैं। पुलिस टीम विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें साइबर अपराधों की वास्तविक चुनौतियों और उनसे बचने के व्यावहारिक तरीकों की जानकारी दे रही है।
पुलिस का मानना है कि बच्चों और युवाओं में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ने से ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों से बचाव में मदद मिलेगी।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘पावस प्रसंग’ में बिखरी शास्त्रीय कला की छटा, कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
- ऑपरेशन आघात में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.108 किलो गांजा के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार
- शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग, बिहार से पकड़ा गया आरोपी
- खरसिया में साइबर जागरूकता अभियान तेज, 1400 से अधिक विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
- तमनार में दो चोरियों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए
