मिलुपारा से बाइक और कुधरीपारा की दुकान से खाद्य सामग्री-नगदी चोरी का मामला, पुलिस ने चोरी की बाइक और वारदात में इस्तेमाल वाहन किया बरामद

रायगढ़, 22 अगस्त 2026। रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरियों का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में 6 विधि से संघर्षरत बालकों और एक 20 वर्षीय युवक समेत कुल 7 आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों ने मिलुपारा चौक से मोटरसाइकिल चोरी करने के साथ ही कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित दुकान का दरवाजा तोड़कर खाद्य सामग्री और नगदी चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई दूसरी बाइक भी बरामद की है।
मिलुपारा से चोरी हुई थी मोटरसाइकिल
मामले की शुरुआत 13 अगस्त को हुई। मिलुपारा में किराए के मकान में रहने वाले रतन कुमार धोबी ने थाना तमनार में मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी।
रतन कुमार अंबुजा सीमेंट कंपनी में इलेक्ट्रिशियन के रूप में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 12 अगस्त को ड्यूटी से लौटने के बाद उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG11AU9751 घर के सामने खड़ी की थी। अगले दिन सुबह ड्यूटी जाने के दौरान बाइक वहां नहीं मिली।
दुकान का दरवाजा तोड़कर सामान और नगदी चोरी
इसी दौरान कुधरीपारा मंदिर चौक तिराहा स्थित पान ठेला दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई।
दुकान संचालक रामभजन पोर्ते के मुताबिक, उन्होंने 12 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे दुकान बंद की और घर चले गए थे। अगले दिन पड़ोसी ने दुकान का दरवाजा टूटे होने की जानकारी दी।
जांच में दुकान से कुरकुरे, मिक्चर, गांठिया, चटकमटक, टेस्टीनट, फल्लीदाना, पपीतालेस, चॉकलेट, सिगरेट और पान मसाला समेत करीब 9 हजार रुपये का सामान गायब मिला। इसके अलावा दुकान से 1 हजार रुपये नगद भी चोरी हुए थे। कुल चोरी की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई।
मुखबिर की सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों मामलों की जांच थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में शुरू की गई। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस को तीन संदिग्ध नाबालिगों के दोनों वारदातों में शामिल होने की सूचना मिली। पूछताछ में उन्होंने बताया कि चोरी की दोनों घटनाओं में कुल 7 लोग शामिल थे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर चोरी के इरादे से इलाके में घूम रहे थे। इसी दौरान मिलुपारा से बाइक चोरी की गई और इसके बाद कुधरीपारा की दुकान को निशाना बनाया गया।
छह नाबालिगों ने अपराध में शामिल होना स्वीकार किया
पुलिस ने तीन विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से चोरी की बाइक और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली।
घटना में शामिल अन्य आरोपी उस समय फरार थे। इसके बाद पुलिस ने 20 अगस्त को चोरी में शामिल तीन और विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन्होंने भी दोनों चोरियों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
फरार 20 वर्षीय युवक भी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, दोनों चोरियों में शामिल मुकेश अगरिया, पिता मेहत्तर अगरिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी जांजगीर, थाना तमनार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार छिप रहा था।
पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने छह नाबालिगों के साथ मिलकर दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। उसके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।
बीएनएस की धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अपराध क्रमांक 204/2026 में धारा 302(2) बीएनएस तथा अपराध क्रमांक 205/2026 में धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है।
आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं, विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
दोनों चोरी के मामलों का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर, प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, रंजीत भगत और पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ये भी पढ़े…..बेटियों को हर साल ₹30 हजार, ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘पावस प्रसंग’ में बिखरी शास्त्रीय कला की छटा, कथक प्रस्तुति ने मोहा दर्शकों का मन
- ऑपरेशन आघात में लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.108 किलो गांजा के साथ महिला समेत 2 गिरफ्तार
- शराब दुकान के गार्ड पर पिस्टल से फायरिंग, बिहार से पकड़ा गया आरोपी
- खरसिया में साइबर जागरूकता अभियान तेज, 1400 से अधिक विद्यार्थियों को दी गई साइबर सुरक्षा की जानकारी
- तमनार में दो चोरियों का खुलासा, 6 नाबालिग समेत 7 आरोपी पकड़े गए
