करीब 65 हजार अविवाहित महिलाओं को जोड़ने की तैयारी, सरकार पर बढ़ेगा 78 करोड़ रुपये का सालाना भार

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी चल रही है। योजना में अब 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को भी शामिल किए जाने की संभावना है। प्रारंभिक गणना के अनुसार प्रदेश में ऐसी करीब 65 हजार महिलाएं हैं।
नई श्रेणी को योजना में शामिल करने पर राज्य सरकार पर करीब 78 करोड़ रुपये का वार्षिक अतिरिक्त वित्तीय भार आने का अनुमान है।
40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को मिलेगा लाभ
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को योजना से जोड़ने के लिए प्रारंभिक गणना की गई है। इसमें प्रदेशभर में करीब 65 हजार महिलाएं सामने आई हैं।
विभाग में अब इस बात पर मंथन चल रहा है कि पात्रता के नियमों को किस तरह सरल बनाया जाए, ताकि इस नई श्रेणी की महिलाओं को योजना का लाभ दिया जा सके।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा 15 अगस्त को इस संबंध में घोषणा किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। हालांकि अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना है।
महतारी वंदन योजना में हर महीने मिलते हैं 1000 रुपये
महतारी वंदन योजना की शुरुआत 10 मार्च 2024 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से की थी। योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को आर्थिक सशक्तीकरण के लिए हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
योजना में विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं भी शामिल हैं। अब तक योजना की 30 किस्तें जारी हो चुकी हैं और कुल 19,444.33 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं।
आर्थिक रूप से मजबूत हो रही महिलाएं
विभाग के अनुसार, योजना की राशि का इस्तेमाल महिलाएं अलग-अलग जरूरतों और आर्थिक गतिविधियों में कर रही हैं। कुछ महिलाएं अपनी बेटियों के नाम सुकन्या समृद्धि योजना में राशि जमा कर रही हैं, जबकि कुछ ने सिलाई मशीन खरीदकर सिलाई-कढ़ाई का काम शुरू किया है।
महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डा. रेणुका श्रीवास्तव के अनुसार, 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को लेकर प्रारंभिक गणना की गई है। हालांकि, उन्हें योजना में शामिल करने का अंतिम निर्णय राज्य सरकार को लेना है।
भाजपा ने बताया महिला सशक्तीकरण की दिशा में कदम
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पांडे ने कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष से अधिक उम्र की अविवाहित महिलाओं को योजना से जोड़ने का निर्णय दूरस्थ अंचलों की महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा और नई उम्मीद लेकर आएगा।
कांग्रेस ने नए पंजीयन शुरू करने की मांग की
वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने योजना से छूटी महिलाओं के लिए नए पंजीयन शुरू करने की मांग की है। उनका कहना है कि योजना लागू हुए दो साल से अधिक समय हो चुका है, लेकिन बड़ी संख्या में महिलाएं अब भी लाभ के लिए नए पंजीयन का इंतजार कर रही हैं।
उन्होंने योजना के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है।
