वित्त मंत्री ओपी चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल, देशभक्ति गीतों पर जमकर थिरके लोग
रायगढ़। स्वतंत्रता दिवस से पहले रायगढ़ पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार शाम जिला प्रशासन की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नटवर स्कूल से शुरू हुई इस यात्रा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी समेत बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, युवा, अधिकारी, राजनीतिक कार्यकर्ता और पूर्व सैनिक शामिल हुए।

हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोग
तिरंगा यात्रा की शुरुआत शाम करीब 4 बजे नटवर स्कूल मैदान से हुई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए और लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर चले।
यात्रा बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क और इतवारी बाजार पहुंची। पूरे रास्ते लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते नजर आए।
स्कूली बच्चों ने दिखाया उत्साह
तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों का खास उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने स्केटिंग के जरिए शानदार करतब भी दिखाए। यात्रा में एक विशेष झांकी भी शामिल की गई, जिसमें देश की आजादी की यात्रा को दर्शाया गया।
यात्रा के दौरान स्कूली बच्चों पर जगह-जगह फूलों की बारिश भी की गई। बड़ी संख्या में युवा, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता तथा पूर्व सैनिक भी इस देशभक्ति यात्रा का हिस्सा बने।
देशभक्ति गीतों पर झूमे लोग, ओपी चौधरी भी थिरके
यात्रा के दौरान लगातार देशभक्ति के गीत बजते रहे। लोग ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
सिदूर पार्क और इतवारी बाजार पहुंचने के बाद माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। देशभक्ति गीतों पर लोग जमकर झूमते नजर आए। इसी दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी खुद को रोक नहीं सके और देशभक्ति गीत पर जमकर थिरके।
हर घर तिरंगा फहराने की अपील
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना और हर घर में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना रहा।
आयोजन के दौरान लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की गई।
रायगढ़ में निकली इस भव्य तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले पूरे शहर में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
