‘उठो, पढ़ो और बढ़ो’ के मंत्र के साथ विद्यार्थियों ने साझा किए अपने सपने, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि को लेकर दिए सुझाव

कोरिया। कोरिया जिले के आकांक्षी विकासखण्ड बैकुंठपुर के स्वामी आत्मानंद विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए रविवार का दिन खास और यादगार रहा। जिला प्रशासन की अभिनव पहल ‘विजनरी-15 : जहां सपने मिलते हैं नेतृत्व से’ के दूसरे सत्र में विद्यार्थियों को प्रशासन के साथ सीधे संवाद करने, अपने सपनों और भविष्य की योजनाओं को साझा करने तथा करियर को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला।
इस विशेष संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पढ़ाई तक सीमित रखने के बजाय उनके भीतर नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने लक्ष्य, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में खुलकर चर्चा की।
‘उठो, पढ़ो और बढ़ो’ के मंत्र से मिली प्रेरणा
कार्यक्रम में जिला प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों को बताया गया कि बड़े सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत के साथ अनुशासन और समय प्रबंधन भी जरूरी है। विद्यार्थियों को अपनी गलतियों से सीख लेकर लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्हें समझाया गया कि जीवन में सफलता के लिए लक्ष्य तय करना और उसके लिए लगातार प्रयास करना आवश्यक है। प्रशासन ने विद्यार्थियों को अपने सपनों को लेकर सकारात्मक सोच रखने तथा भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने का संदेश दिया।
खेल और रचनात्मक गतिविधियों में बच्चों ने दिखाया हुनर
‘विजनरी-15’ कार्यक्रम की खास बात इसका आत्मीय और पारिवारिक माहौल रहा। विद्यार्थियों ने पढ़ाई और करियर से जुड़े संवाद के साथ विभिन्न रचनात्मक एवं खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लिया।
बच्चों ने झूला झूला, वॉलीबाल और शतरंज खेलकर उत्साह के साथ भागीदारी की। छात्राओं ने फूल लगाए, वहीं विद्यार्थियों ने बांस से सुंदर फूल तैयार कर स्थानीय कला और हुनर की झलक प्रस्तुत की। बच्चों ने कविता और पेंटिंग के माध्यम से भी अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि को लेकर दिए सुझाव
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने क्षेत्र और समाज से जुड़े विषयों पर भी विचार रखे। बच्चों ने ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने से जुड़े सुझाव दिए।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं और विचारों को जिला प्रशासन ने गंभीरता से सुना। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न करियर अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की।
साथ बैठकर भोजन और बातचीत ने बनाया माहौल खास
विद्यार्थियों के साथ भोजन और अनौपचारिक बातचीत ने कार्यक्रम को और अधिक आत्मीय बना दिया। अधिकारियों और विद्यार्थियों के बीच सहज संवाद से बच्चों को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिला।
इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने भविष्य को लेकर कई सवाल पूछे और अलग-अलग क्षेत्रों में करियर बनाने की संभावनाओं को समझा। कार्यक्रम ने बच्चों को यह विश्वास दिलाया कि उनके सपने और विचार भी समाज एवं प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण हैं।
‘सशक्त युवा, समृद्ध कोरिया’ की दिशा में पहल
जिला प्रशासन की ‘विजनरी-15’ पहल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और सामाजिक जिम्मेदारी विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में सामने आई है।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने सपनों को पहचानने, उन्हें लक्ष्य में बदलने और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। ‘सशक्त युवा, समृद्ध कोरिया’ के संकल्प के साथ शुरू की गई यह पहल जिले के विद्यार्थियों के सपनों को नई उड़ान देने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने की दिशा में सार्थक कदम साबित हो रही है।
ये भी पढ़े…..नवाचार और स्टार्टअप के अवसरों को मिलेगा बढ़ावा
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रायपुर में सजा विज्ञान का मंच, 150 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
- दृष्टिबाधित बच्चों ने सीखा स्मार्टफोन चलाना, डिजिटल तकनीक से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
- जुनवानी की बिहान दीदियों ने राखी निर्माण से कमाए डेढ़ लाख रुपये, बीज राखियों ने बनाई अलग पहचान
- बैकुंठपुर के विद्यार्थियों को मिला सपनों को नई उड़ान देने का मंच, ‘विजनरी-15’ में प्रशासन से किया सीधा संवाद
- बनबगौद की महिलाओं ने नशे के खिलाफ संभाला मोर्चा, गांव को नशामुक्त बनाने सुबह-शाम कर रहीं गश्त
