ग्रामीण विद्यार्थियों और युवाओं को रोबोटिक्स, प्रोग्रामिंग व 3D प्रिंटिंग का मिलेगा प्रशिक्षण, नवाचार और स्टार्टअप के अवसरों को मिलेगा बढ़ावा

धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र में विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। शिक्षा विभाग द्वारा मगरलोड में अत्याधुनिक रोबोटिक्स लैब एवं रोबोटिक्स 3D प्रिंटिंग लैब विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को तकनीकी शिक्षा के व्यावहारिक अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें भविष्य की तकनीकों के लिए तैयार करना है।
इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उन्हें रोबोटिक्स, 3D प्रिंटिंग, डिजाइन, प्रोग्रामिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और नवाचार जैसे क्षेत्रों में प्रयोग करने और सीखने का अवसर मिलेगा। इससे विद्यार्थियों में तार्किक सोच, समस्या समाधान की क्षमता, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने में मदद मिलेगी।
रोबोटिक्स वर्कशॉप में युवाओं ने सीखी तकनीक
लैब की संकल्पना को स्थानीय युवाओं की रुचि और सहभागिता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में मगरलोड में रोबोटिक्स वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों और युवाओं को रोबोटिक्स तकनीक की प्रारंभिक जानकारी के साथ मॉडल निर्माण, प्रोग्रामिंग और विभिन्न तकनीकी प्रयोगों से परिचित कराया गया।
वर्कशॉप के दौरान बच्चों और युवाओं में तकनीक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अलग-अलग आइडिया साझा किए और तकनीकी मॉडल तैयार करने में रुचि दिखाई।
कलेक्टर ने बच्चों के आइडिया की सराहना की
रोबोटिक्स वर्कशॉप में कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जयंत नाहटा भी पहुंचे। अधिकारियों ने बच्चों से बातचीत कर उनके द्वारा तैयार किए जा रहे मॉडल और आइडिया की जानकारी ली।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके विचारों की सराहना की और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
‘करके सीखने’ का मिलेगा अवसर
प्रस्तावित रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग लैब विद्यार्थियों के लिए ‘Learning by Doing’ यानी करके सीखने का प्रभावी मंच बनेगी। यहां बच्चे अपनी कल्पनाओं को मॉडल और प्रोटोटाइप के रूप में विकसित कर सकेंगे।
3D प्रिंटिंग तकनीक के जरिए विद्यार्थी अपने डिजाइन को वास्तविक रूप देने का प्रयोग कर सकेंगे। इससे उन्हें तकनीक को केवल किताबों में पढ़ने के बजाय उसे स्वयं बनाकर और प्रयोग करके समझने का अवसर मिलेगा।
स्थानीय समस्याओं के समाधान पर भी होगा फोकस
लैब के माध्यम से आगे चलकर स्थानीय समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने की संभावनाएं भी तैयार होंगी। विद्यार्थियों और युवाओं को नवाचार आधारित प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
इसके अलावा तकनीक में रुचि रखने वाले युवाओं को स्टार्टअप और उद्यमिता की दिशा में मार्गदर्शन देने की संभावनाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार तलाशने के साथ रोजगार देने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है।
ग्रामीण बच्चों को भविष्य की तकनीक से जोड़ना उद्देश्य : कलेक्टर
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि मगरलोड में रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग लैब स्थापित करने का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को भविष्य की तकनीकों से परिचित कराना और उनकी रचनात्मक क्षमता को अवसर देना है।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्र का विद्यार्थी आधुनिक तकनीक को केवल देखे नहीं, बल्कि उसे समझे, प्रयोग करे और अपने विचारों को नवाचार में बदल सके। स्थानीय युवाओं की सहभागिता से विकसित यह पहल शिक्षा को रोजगार, कौशल और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
तकनीकी शिक्षा और युवा उद्यमिता को मिलेगी नई दिशा
मगरलोड में विकसित की जा रही यह पहल जिले में तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार की संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों से विद्यार्थियों को जोड़कर उनमें भविष्य के कौशल विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
आने वाले समय में मगरलोड की यह लैब विद्यार्थियों और युवाओं के लिए सीखने, प्रयोग करने, नए मॉडल तैयार करने और अपने विचारों को साकार करने का सशक्त केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
ये भी पढ़े…..रुद्राभिषेक के दौरान नाग देवता के दर्शन
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रायपुर में सजा विज्ञान का मंच, 150 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
- दृष्टिबाधित बच्चों ने सीखा स्मार्टफोन चलाना, डिजिटल तकनीक से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
- जुनवानी की बिहान दीदियों ने राखी निर्माण से कमाए डेढ़ लाख रुपये, बीज राखियों ने बनाई अलग पहचान
- बैकुंठपुर के विद्यार्थियों को मिला सपनों को नई उड़ान देने का मंच, ‘विजनरी-15’ में प्रशासन से किया सीधा संवाद
- बनबगौद की महिलाओं ने नशे के खिलाफ संभाला मोर्चा, गांव को नशामुक्त बनाने सुबह-शाम कर रहीं गश्त

1 thought on “मगरलोड में बनेगी अत्याधुनिक रोबोटिक्स और 3D प्रिंटिंग लैब, ग्रामीण बच्चों को मिलेगी भविष्य की तकनीक की शिक्षा”