सड़क दुर्घटना के बाद 7 दिनों तक 1.50 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार, जिले में 31 मामलों में 13 पीड़ितों को मिला योजना का लाभ

धमतरी। सड़क दुर्घटना के बाद शुरुआती समय घायल व्यक्ति के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार की पीएम-राहत (प्रधानमंत्री रोड एक्सीडेंट विक्टिम हॉस्पिटलाइजेशन एंड एश्योर्ड ट्रीटमेंट) योजना का धमतरी जिले में प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना के तहत सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचते ही कैशलेस और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान है।
योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक परेशानी या कागजी औपचारिकताओं के कारण किसी दुर्घटना पीड़ित को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े। इसके तहत दुर्घटना पीड़ित को अस्पताल में भर्ती होने के दिन से अधिकतम 7 दिनों तक प्रति व्यक्ति 1 लाख 50 हजार रुपये तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।
गोल्डन ऑवर में इलाज पर जोर
पीएम-राहत योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटना के बाद घायल व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना और जरूरी उपचार उपलब्ध कराना है। दुर्घटना के बाद शुरुआती समय को ‘गोल्डन ऑवर’ माना जाता है। इस दौरान समय पर उपचार मिलने से गंभीर स्थिति को नियंत्रित करने और घायल व्यक्ति की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है।
धमतरी में 31 मामलों में 13 पीड़ितों को मिला लाभ
धमतरी जिले में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग द्वारा योजना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थाओं के बीच समन्वय बनाया गया है। जिले में अब तक 31 सड़क दुर्घटना प्रकरणों में योजना के तहत कार्रवाई की गई है। इनमें से 13 दुर्घटना पीड़ितों को योजना का लाभ मिला है।
इनमें गंभीर रूप से घायल मरीज भी शामिल हैं, जिन्हें समय पर अस्पताल पहुंचाकर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शासकीय अस्पतालों के साथ 20 निजी अस्पताल भी जुड़े
योजना के तहत जिले के सभी संबंधित शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार की व्यवस्था की गई है। इनमें जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) शामिल हैं।
इसके अलावा जिले के 20 निजी अस्पताल भी पीएम-राहत योजना से जुड़े हैं। इनमें 19 अस्पताल आयुष्मान भारत योजना के तहत इम्पैनल्ड हैं, जबकि एक निजी अस्पताल पीएम-राहत योजना के तहत विशेष रूप से इम्पैनल्ड है। इससे दुर्घटना पीड़ितों को नजदीकी अस्पताल में जल्द उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।
‘हर मिनट महत्वपूर्ण’, उपचार में देरी न हो : कलेक्टर
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण होता है। प्रशासन का प्रयास है कि आर्थिक कारणों या किसी तरह की औपचारिकता के कारण दुर्घटना पीड़ित को इलाज के लिए इंतजार न करना पड़े।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अस्पतालों को योजना के प्रावधानों के अनुसार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करने तथा दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
गोल्डन ऑवर में इलाज से बच सकती हैं कई जानें
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू. एल. कौशिक ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में समय पर उचित उपचार नहीं मिलना गंभीर स्थिति और मृत्यु का प्रमुख कारण बन सकता है। पीएम-राहत योजना दुर्घटना के बाद शुरुआती महत्वपूर्ण समय में इलाज की बाधाओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने बताया कि गोल्डन ऑवर में त्वरित और निःशुल्क उपचार मिलने से मरीज की स्थिति बिगड़ने से रोकने तथा जीवन बचाने की संभावना बढ़ती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें।
नागरिकों के लिए जरूरी सूचना
सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने पर उसे जल्द से जल्द नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र या पीएम-राहत योजना से संबद्ध अस्पताल पहुंचाना चाहिए। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवश्यक सहायता के लिए नागरिक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, धमतरी से संपर्क कर सकते हैं।
ये भी पढ़े…..61 साल की उम्र में 25 साल के लड़के का किरदार निभाने की तैयारी में आमिर खान
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- भालूपखना जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, 8 जुआरी गिरफ्तार; 11,400 रुपये नकद जब्त
- चक्रधर समारोह 2026 में दिखेगा कला और संस्कृति का भव्य संगम, 10 दिनों में होंगी 42 प्रस्तुतियां
- साप्ताहिक बाजार में शराब के नशे में तीन लोगों पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार
- रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी कार्रवाई, 15.75 टन स्क्रैप से लदा ट्रक जब्त
- वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने क्रांतिकारी शिवराम हरि राजगुरु की जयंती पर किया नमन
