मुख्यमंत्री साय ने व्यासपीठ की पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की, पंडित प्रदीप मिश्रा का किया अभिनंदन

भिलाई। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय आज अपनी धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या देवी साय के साथ भिलाई नगर के जयंती स्टेडियम के समीप आयोजित सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के अंतिम दिवस कथा श्रवण करने पहुंचे। मुख्यमंत्री श्री साय ने विधि-विधान से व्यासपीठ की पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, शांति और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भिलाई में पिछले सात दिनों से शिवभक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। हजारों श्रद्धालुओं को शिव महापुराण कथा के माध्यम से धर्म, अध्यात्म और सनातन संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिला है।
भिलाई में सात दिनों से बह रही शिवभक्ति की धारा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में शिव महापुराण कथा का आयोजन सभी के लिए सौभाग्य का अवसर है। उन्होंने कहा कि उन्हें भी अपनी धर्मपत्नी के साथ इस पुण्य कथा का श्रवण करने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को अपनी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का काम करते हैं। शिव महापुराण कथा के माध्यम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को भगवान शिव की महिमा और सनातन संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिला।
छत्तीसगढ़ के कण-कण में विराजमान हैं भगवान शिव
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती भगवान शिव की आराधना और शक्ति उपासना की प्राचीन परंपरा से समृद्ध रही है। प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में भगवान महादेव के अनेक प्राचीन और प्रसिद्ध धाम स्थित हैं।
उन्होंने रायपुर के हटकेश्वर महादेव, कबीरधाम के भोरमदेव, राजिम के कुलेश्वर महादेव, चम्पारण के चम्पेश्वर महादेव, गरियाबंद के भूतेश्वर महादेव, सिरपुर के गंधेश्वर महादेव और जशपुर के मधेश्वर महादेव सहित विभिन्न शिवधामों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कण-कण में देवाधिदेव महादेव की कृपा है और उनके आशीर्वाद से प्रदेश लगातार खुशहाली एवं समृद्धि की ओर आगे बढ़ रहा है।
शक्तिपीठों के विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भगवान शिव के साथ आदिशक्ति के भी अनेक पवित्र स्वरूप विराजमान हैं। राज्य सरकार प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और तीर्थ स्थलों के सुनियोजित विकास के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि सूरजपुर की कुदरगढ़ी माता, चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी, रतनपुर की मां महामाया, डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी और दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी के शक्तिपीठों को चारधाम की तर्ज पर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ में धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना फिर शुरू
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिले। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को फिर से शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पात्र श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा और दर्शन का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं श्री रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना के माध्यम से अब तक छत्तीसगढ़ के 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम पहुंचकर प्रभु श्रीरामलला के दर्शन कर चुके हैं।
पंडित प्रदीप मिश्रा का किया अभिनंदन
मुख्यमंत्री श्री साय ने शिव महापुराण कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण कथा के माध्यम से देश-दुनिया में भगवान शिव की महिमा, सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में लगातार तीसरी बार शिव महापुराण कथा का आयोजन होना यहां के श्रद्धालुओं की भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और धर्म के प्रति अनुराग को दर्शाता है।
उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से पंडित प्रदीप मिश्रा का छत्तीसगढ़ की पावन धरती पर स्वागत और अभिनंदन किया। साथ ही सात दिवसीय शिव महापुराण कथा के सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति, सहयोगियों और सभी शिवभक्तों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में वैशाली नगर विधायक श्री रिकेश सेन, संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर, पुलिस महानिरीक्षक श्री अभिषेक शांडिल्य, कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल, आयोजन समिति के श्री दया सिंह सहित समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े…..61 साल की उम्र में 25 साल के लड़के का किरदार निभाने की तैयारी में आमिर खान
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रायपुर में सजा विज्ञान का मंच, 150 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
- दृष्टिबाधित बच्चों ने सीखा स्मार्टफोन चलाना, डिजिटल तकनीक से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
- जुनवानी की बिहान दीदियों ने राखी निर्माण से कमाए डेढ़ लाख रुपये, बीज राखियों ने बनाई अलग पहचान
- बैकुंठपुर के विद्यार्थियों को मिला सपनों को नई उड़ान देने का मंच, ‘विजनरी-15’ में प्रशासन से किया सीधा संवाद
- बनबगौद की महिलाओं ने नशे के खिलाफ संभाला मोर्चा, गांव को नशामुक्त बनाने सुबह-शाम कर रहीं गश्त
