दुलानी ढेका स्थित प्रबल फूड प्रोडक्ट पर छापा, मिल्क केक का सैंपल जांच के लिए भेजा; रक्षाबंधन तक जारी रहेगा अभियान

बिलासपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। शनिवार को विभाग की टीम ने दुलानी ढेका स्थित प्रबल फूड प्रोडक्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां बेहद अस्वच्छ और अनहाइजीनिक परिस्थितियों में मिठाइयों का निर्माण होता पाया गया। गंदगी के बीच खाद्य पदार्थ तैयार किए जाने को विभाग ने गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए फर्म का रजिस्ट्रेशन निलंबित कर प्रतिष्ठान को बंद करा दिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण में स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। ऐसी परिस्थितियों में तैयार खाद्य सामग्री लोगों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसे देखते हुए खाद्य विभाग ने जनहित में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की।
अधिकारियों ने फर्म संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जब तक खाद्य निर्माण से जुड़े सभी आवश्यक स्वच्छता और सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया जाता, तब तक प्रतिष्ठान में किसी भी प्रकार के खाद्य पदार्थ का निर्माण नहीं किया जाए।
मिल्क केक का सैंपल जांच के लिए भेजा
कार्रवाई के दौरान फर्म में तैयार किए जा रहे मिल्क केक का सैंपल भी खाद्य विभाग की टीम ने लिया। नमूने को गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान अभिहित अधिकारी आरआर देवांगन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत कार्रवाई
जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मिठाई दुकानों, खाद्य प्रतिष्ठानों, गोदामों और निर्माण इकाइयों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है।
विभाग की टीम खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निर्माण स्थल की स्वच्छता, लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन की जांच कर रही है।
श्रीराम स्वीट्स पर भी हुई कार्रवाई
अभियान के तहत श्रीराम स्वीट्स, सिरगिट्टी में भी कार्रवाई की जा चुकी है। यहां मिठाई बनाने की जगह पर भारी गंदगी पाई गई थी। इसी माहौल में बर्फी तैयार किए जाने पर दुकान बंद कराई गई और लाइसेंस निलंबित किया गया। मौके पर करीब 15 किलो अमानक बर्फी को नष्ट कराया गया था।
शिवगंगा नमकीन को नोटिस
शिवगंगा नमकीन के उत्पादों पर ‘जीरो ट्रांस फैट’ और ‘कोलेस्ट्राल फ्री’ जैसे दावों को लेकर भी विभाग ने कार्रवाई की। इन दावों को भ्रामक मानते हुए प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया और नमकीन के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
इसके अलावा व्यापार विहार, शनिचरी बाजार, पवन ट्रेडर्स और गुरुकृपा ट्रेडर्स सहित अन्य प्रतिष्ठानों में भी निरीक्षण किया गया। इन जगहों से पनीर, खोवा, घी और विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
रक्षाबंधन तक जारी रहेगा अभियान
त्योहारी सीजन में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष जांच अभियान रक्षाबंधन पर्व तक जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने, गंदगी में खाद्य सामग्री तैयार करने और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़े…..रुद्राभिषेक के दौरान नाग देवता के दर्शन
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर रायपुर में सजा विज्ञान का मंच, 150 से अधिक विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता
- दृष्टिबाधित बच्चों ने सीखा स्मार्टफोन चलाना, डिजिटल तकनीक से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
- जुनवानी की बिहान दीदियों ने राखी निर्माण से कमाए डेढ़ लाख रुपये, बीज राखियों ने बनाई अलग पहचान
- बैकुंठपुर के विद्यार्थियों को मिला सपनों को नई उड़ान देने का मंच, ‘विजनरी-15’ में प्रशासन से किया सीधा संवाद
- बनबगौद की महिलाओं ने नशे के खिलाफ संभाला मोर्चा, गांव को नशामुक्त बनाने सुबह-शाम कर रहीं गश्त
