महिला थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सक्ती के 27 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा

रायगढ़। महिलाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिला सक्ती के ग्राम ओडेकेरा निवासी 27 वर्षीय तरूण कुमार कर्ष को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना घरघोड़ा क्षेत्र की 27 वर्षीय युवती ने 20 अगस्त 2026 को महिला थाना में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल आरोपी की पतासाजी शुरू कर दी।
मोबाइल से हुई थी पहचान
पीड़िता ने महिला पुलिस अधिकारी को बताया कि वर्ष 2023 में मोबाइल फोन के माध्यम से उसकी पहचान तरूण कर्ष से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी। इसी दौरान आरोपी ने युवती से प्रेम का इजहार करते हुए शादी करने की इच्छा जताई।
पीड़िता के अनुसार सितंबर 2024 में आरोपी उसे एक होटल में ले गया और शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसके किराये के मकान में भी आता-जाता रहा और दोनों के बीच लगातार शारीरिक संबंध बने।
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि दोनों ने मंदिर में शादी की थी और वह आरोपी से सामाजिक रूप से शादी करने के लिए लगातार कहती रही। अप्रैल 2026 में भी आरोपी ने उससे शादी करने का आश्वासन दिया था। जनवरी 2026 में आरोपी करीब एक सप्ताह तक उसके साथ रहा।
पिता और रिश्तेदारों के साथ रिश्ता लेकर पहुंचा था आरोपी
पीड़िता के मुताबिक 18 मार्च 2026 को तरूण अपने पिता, दोस्त और जीजा के साथ उसके घर रिश्ता लेकर आया था। उस दौरान नवंबर महीने में शादी करने की बात कही गई थी।
इसके कुछ दिनों बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि वह नौकरी के लिए रायपुर चला गया है। बाद में उसने बिलासपुर में रहने और काम के सिलसिले में बाहर जाने की जानकारी दी।
आरोपी ने जरूरत बताकर लिए करीब 2.50 लाख रुपये
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी द्वारा पैसों की जरूरत बताए जाने पर उसने अलग-अलग समय में करीब 2.50 लाख रुपये भी दिए थे। इसके बाद आरोपी ने चंडीगढ़ से आगे काम करने जाने की बात कहते हुए उससे बातचीत कम कर दी।
पीड़िता के अनुसार 17 अगस्त 2026 को उसे जानकारी मिली कि तरूण ने किसी दूसरी युवती से शादी कर ली है। जब उसने आरोपी को फोन कर इस संबंध में पूछा तो आरोपी ने शादी करने की बात स्वीकार की, लेकिन पीड़िता से शादी करने से इनकार कर दिया।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने पैसे वापस नहीं करने की बात कही और धमकी भी दी। इसके बाद पीड़िता ने अपने माता-पिता से सलाह लेने के बाद 20 अगस्त 2026 को महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला थाना पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच
महिला थाना पुलिस ने शिकायत पर अपराध क्रमांक 74/2026 दर्ज किया। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 69, 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तरूण कुमार कर्ष, पिता रोहित लाल कर्ष, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम ओडेकेरा, वार्ड नंबर 10, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती को हिरासत में लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर उसे 21 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
महिलाओं से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई : एसएसपी
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में रायगढ़ पुलिस त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिलाओं और युवतियों से अपील की कि वे बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत पुलिस के समक्ष रखें।
उन्होंने कहा कि शिकायत प्राप्त होते ही तथ्यों के आधार पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ये भी पढ़े…..रुद्राभिषेक के दौरान नाग देवता के दर्शन
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- भालूपखना जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, 8 जुआरी गिरफ्तार; 11,400 रुपये नकद जब्त
- चक्रधर समारोह 2026 में दिखेगा कला और संस्कृति का भव्य संगम, 10 दिनों में होंगी 42 प्रस्तुतियां
- साप्ताहिक बाजार में शराब के नशे में तीन लोगों पर ब्लेड से हमला, आरोपी गिरफ्तार
- रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ की बड़ी कार्रवाई, 15.75 टन स्क्रैप से लदा ट्रक जब्त
- वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने क्रांतिकारी शिवराम हरि राजगुरु की जयंती पर किया नमन
