फर्स्ट बटालियन ग्राउंड में हुआ जिला स्तरीय समारोह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का किया सम्मान

दुर्ग। जिले के फर्स्ट बटालियन ग्राउंड में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और समारोह का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को नमन किया। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति में प्रत्येक नागरिक से अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री के संदेश का किया गया वाचन
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया गया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने परेड का निरीक्षण किया और पुलिस बल, एनसीसी कैडेट्स तथा स्काउट-गाइड की टुकड़ियों का अभिवादन स्वीकार किया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया।
समारोह में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे।
देशभक्ति गीतों से गूंजा समारोह
स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
नक्सली विचारधारा से दूर रहने की अपील
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नक्सली विचारधारा को लेकर कहा कि प्रत्येक नागरिक के भीतर देशभक्ति की भावना जागृत होनी चाहिए। संविधान के प्रति श्रद्धा और निष्ठा के साथ नागरिक कर्तव्यों का पालन ही देश को मजबूत और महान बनाएगा।
उन्होंने कहा कि देश और संविधान के प्रति मजबूत आस्था नागरिकों को नक्सली विचारधारा जैसी हिंसक सोच से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए विकास और शांति की दिशा में योगदान देने की अपील की।
