35 गांवों में प्रशासन का अलर्ट, नदी किनारे नहीं जाने की अपील; अगले 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी

कोरबा। उत्तर छत्तीसगढ़ और हसदेव कैचमेंट एरिया में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मिनीमाता बांगो जलाशय का जलस्तर 92.48 प्रतिशत तक पहुंच गया है। बांध में लगातार पानी की तेज आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने जल निकासी बढ़ा दी है। बांगो बांध के 7 रेडियल गेट—गेट नंबर 3, 4, 5, 6, 7, 8 और 9 खोले गए हैं। इन गेटों से हसदेव नदी में करीब 41 हजार क्यूसेक पानी प्रति सेकेंड छोड़ा जा रहा है।
हसदेव नदी के तटीय इलाकों में बढ़ा खतरा
बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने लगा है। कई स्थानों पर नदी का पानी खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है। प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
35 गांवों में मुनादी कराकर अलर्ट
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने संभावित प्रभावित क्षेत्रों में माइक से मुनादी कराकर लोगों को अलर्ट किया है। ग्रामीणों को नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों में नहीं जाने की हिदायत दी गई है।
संभावित प्रभावित गांवों में बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, सिलीयारीपारा, जूनापारा, तिलाईडाड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोड़ा, हथमार और सिरकीकला सहित अन्य गांव शामिल हैं।
खदान और उद्योगों को भी एहतियात के निर्देश
बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए बाढ़ क्षेत्र में काम करने वाले खदान ठेकेदारों, औद्योगिक इकाइयों और निर्माण एजेंसियों को अपनी मशीनरी और जरूरी संसाधनों को सुरक्षित स्थानों पर हटाने के निर्देश दिए गए हैं।
24 घंटे निगरानी में बांध क्षेत्र
कार्यपालन अभियंता संतोष भारती के अनुसार बांध क्षेत्र में कर्मचारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। जलाशय में पानी की आवक और जल निकासी की स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है।
अगले 4 दिन भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सरगुजा और बिलासपुर संभाग में अगले चार दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है। ऐसे में हसदेव नदी और बांगो बांध के आसपास रहने वाले लोगों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
Most Viewed Posts
- छत्तीसगढ़ के 42 नर्सिंग संस्थानों की मान्यता रद्द, रायपुर के 15 कॉलेज शामिल
- लेबर क्वार्टर हादसे में कंपनी मालिकों पर एफआईआर, महिला मजदूर की मौत के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
- सहकारिता सप्ताह का समापन, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी
- ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49.50 लाख की चिटफंड ठगी मामले में दो फरार आरोपी गिरफ्तार
- छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा प्रमोशन, 61 SI बने इंस्पेक्टर
- ‘लइका चिन्हारी’ एप से होगी ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान, स्कूलों में दोबारा दिलाया जाएगा प्रवेश
- केलो डैम के 6 गेट खुले, उफान पर आई केलो नदी; रायगढ़ के कई इलाकों में जलभराव
- उफनती चिंतावागु नदी के बीच नगर सेना ने बीमार महिला को सुरक्षित पहुंचाया अस्पताल
- ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान के तहत जांजगीर-चांपा में 79 बालिका शौचालय स्वीकृत
- आज का राशिफल — 25 अगस्त 2026, मंगलवार
